रक्षाबंधन से पहले चंबा में बड़ी कार्रवाई, साढ़े चार क्विंटल मिठाई जब्त कर नष्ट
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा 27 अगस्त
रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग चंबा ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभागीय टीम ने चंबा-पठानकोट मुख्य मार्ग पर लगाए गए नाके के दौरान पंजाब से चंबा की ओर आ रही एक पिकअप गाड़ी से करीब साढ़े चार क्विंटल मिठाई बरामद की। विभाग के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मिठाइयों में कृत्रिम रंगों के इस्तेमाल के साथ-साथ नकली पनीर से तैयार सामग्री होने की आशंका सामने आई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बरामद पूरी खेप को जब्त करने के बाद मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
सुबह तड़के लगाया गया था नाका
त्योहारों का सीजन शुरू होते ही बाहरी राज्यों से मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की खेप चंबा पहुंचने लगी है। इसी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री और सप्लाई पर निगरानी बढ़ा दी है।
इसी अभियान के तहत विभाग की टीम ने सुबह करीब साढ़े चार बजे एनएच-154ए पर चंबा-पठानकोट मुख्य मार्ग पर नाका लगाया था। इसी दौरान पंजाब से चंबा की ओर आ रही एक पिकअप गाड़ी को जांच के लिए रोका गया।
तलाशी के दौरान गाड़ी में बड़ी मात्रा में मिठाई पाई गई। विभाग के मुताबिक, करीब साढ़े चार क्विंटल मिठाई की खेप में कृत्रिम रंगों के इस्तेमाल के अलावा नकली पनीर से तैयार सामग्री होने की आशंका सामने आई। इसके बाद विभाग ने पूरी खेप को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार नष्ट कर दिया।
त्योहारों के दौरान जारी रहेगा जांच अभियान
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग बाहरी राज्यों से आने वाली मिठाइयों समेत स्थानीय स्तर पर तैयार और बेची जा रही खाद्य सामग्री की भी जांच कर रहा है।
स्वास्थ्य अधिकारी एवं ड्रग्स इंस्पेक्टर दीपक आनंद ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं मिलावटी या नकली मिठाइयों अथवा अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री या सप्लाई की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग को दें। विभाग के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट कर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मिठाई खरीदते समय बरतें सावधानी
रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए विभाग ने लोगों से मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग का कहना है कि उपभोक्ता प्रतिष्ठित दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें और संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की जानकारी संबंधित विभाग को दें।
बाइट: दीपक आनंद, स्वास्थ्य अधिकारी एवं ड्रग्स इंस्पेक्टर।
Chamba, Chamba | Aug 27, 2026