हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में बड़ा सड़क हादसा हो गया। मध्य प्रदेश के इंदौर से शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे स्कूली बच्चों का टेंपो ट्रैवलर कोकसर के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। हादसे के समय वाहन में 11 बच्चे, एक शिक्षक और चालक सवार थे। दुर्घटना में शिक्षक समेत 7 विद्यार्थी घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को सिस्सू और मनाली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।