जिला पदाधिकारी, बांका की अध्यक्षता में नीलाम पत्र वादों (Certificate Cases) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी बैंकों के जिला समन्वयक, शाखा प्रबंधक, अग्रणी प्रबंधक एवं प्रभारी पदाधिकारी, नीलाम पत्र शाखा ने भाग लिया।
बैठक के दौरान यह मुख्य मुद्दा सामने आया कि कई मामलों का निष्पादन बैंक स्तर पर तो कर दिया गया है, परंतु बैंकों द्वारा तलवाना (Process Fee) एवं न्यायालय शुल्क (Court Fee) जमा नहीं किए जाने के कारण नीलाम पत्र पदाधिकारियों के रिकॉर्ड में ये मामले अब भी लंबित (Pending) प्रदर्शित हो रहे हैं।
इस स्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला पदाधिकारी ने निम्नलिखित मुख्य निर्देश जारी किए:
शुल्क जमा कर वाद समाप्त कराएं: सभी बैंक अविलंब बैंक स्तर पर निष्पादित वादों में बकाया तलवाना एवं न्यायालय शुल्क जमा करें, ताकि नीलाम पत्र पदाधिकारी के न्यायालय द्वारा मामलों को आधिकारिक रूप से समाप्त (Dispose) किया जा सके।
बिना शुल्क जमा किए NOC पर रोक: जिला समन्वयकों एवं नीलाम पत्र पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि नए या निष्पादित मामलों में जब तक तलवाना एवं न्यायालय शुल्क जमा न हो, तब तक किसी भी हाल में अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी न किया जाए।
रजिस्टर-9 एवं 10 का साप्ताहिक मिलान: बैंक शाखाएं और जिला समन्वयक अपने संबंधित नीलाम पत्र पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर प्रत्येक सप्ताह अनिवार्य रूप से रजिस्टर-9 तथा रजिस्टर-10 का मिलान करें।
डेटा साझाकरण: बैंकवार निष्पादित वादों की पूरी सूची एवं अद्यतन स्थिति से संबंधित रिपोर्ट जिला नीलाम पत्र शाखा को जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नीलाम पत्र वादों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित विभाग और बैंक आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित वादों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।
19 views | Banka, Bihar | Aug 29, 2026