राष्ट्र प्रतीक तिरंगा अपमान मामले में विधायक रामनिवास शाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग, कांग्रेस ने बैढ़न थाने का किया घेराव
सिंगरौली:राष्ट्र प्रतीक के अपमान के आरोप से जुड़े मामले में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के विरुद्ध मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली शहर के अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी बैढ़न थाने पहुंचे।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष विधायक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग रखी। साथ ही कांग्रेस पार्षद अनिल कुमार वैश्य के खिलाफ दर्ज प्रकरण को निरस्त करने की मांग भी उठाई।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने पुलिस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने थाने का घेराव समाप्त किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राष्ट्र का सम्मान सर्वोपरि है और अन्याय के विरुद्ध पार्टी की आवाज लगातार बुलंद रहेगी।