गरोठ। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर रूपरा के पास शुक्रवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में कार सवार यात्रियों को चोटें आईं, जिन्हें तत्काल गरोठ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार दमन-दीव से गुजरात होते हुए जयपुर जा रही थी। रूपरा के पास चालक को नींद की झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और खाई में जाकर पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।