नींद की झपकी बनी हादसे की वजह, कार खाई में पलटी
दमन-दीव से जयपुर जा रहे थे कार सवार, गरोठ अस्पताल में इलाज जारी
गरोठ। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर रूपरा के पास शुक्रवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में कार सवार यात्रियों को चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए गरोठ सिविल अस्पताल लाया गया। सभी यात्री खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार दमन-दीव गुजरात से जयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रूपरा के पास चालक को नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में जा पलटी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।