आज दिनांक 18.09.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास की अध्यक्षता में "सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान" के संबंध में समीक्षात्मक बैठक की गई। जिसमें उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण-सह- जिला पंचायत राज पदाधिकारी, असैनिक शल्य चिकित्सक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, निदेशक, एन०ई०पी०, डी०आर०डी०ए०, निदेशक लेखा प्रशासन एवं स्व नियोजन, डी०आर०डी०ए०, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ICDS एवं सभी संबंधित पदाधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
उक्त बैठक से पहले माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सरकार श्री सम्राट चौधरी जी द्वारा "सेवा संकल्प एवं कायाकल्प पोर्टल' का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में 10 योजनाओं का चयन किया गया है, जिसमें विभिन्न विभागों यथा-ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, पंचायती राज विभाग इत्यादि के अभिसरण से क्रियान्वित किया जाना है। इस अभियान के तहत अवसंरचनाओं/परिसंपतियों का नवनिर्माण एवं मरम्मति का कार्य किया जाना है, जिसमें मुख्य रूप से उप स्वास्थ्य केन्द्र, आंगनबाड़ी केन्द, सरकारी विद्यालयों में अतिरिक्त कमरा, किचन शेड, चाहरदीवारी, शौचालय, सामुदायिक भवन आदि का निर्माण एवं मरम्मति संबंधित विभागों के अभिसरण से किया जाना है।
दिनांक 17.09.2026 को ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम सभा द्वारा सभी योजनाओं का अनुमोदन कर दिया गया है। दिनांक 24.09.2026 तक चयनित सभी योजनाओं की प्रविष्टि "सेवा संकल्प एवं कायाकल्प पोर्टल" पर की जानी है। सभी मरम्मति एवं रंग-रोगन आदि योग्य अवसंरचनाओं को दिनांक 30.11.2026 तक पूर्ण किया जाना है, जिसे मातृ विभाग द्वारा पूर्ण किया जायेगा। नव निर्माण अवसंरचनाओं को संबंधित विभागों के अभिसरण से दिनांक 31.03.2027 तक पूर्ण किया जाना है। इस अभियान में प्रखण्ड स्तर पर नोडल पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को नामित किया गया है तथा जिला स्तर पर उप विकास आयुक्त को नोडल पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है। सभी योजनाओं की प्रगति का अनुश्रवण जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त के द्वारा अनवरत रूप से किया जायेगा।
#IPRD
#BiharGovernment
#SevaSankalpevamKayakalpAbhiyan
#ReviewMeeting
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Sep 18, 2026