मुजफ्फरपुर में नाव परिचालन पर प्रशासन सख्त, ओवरलोडिंग और बिना निबंधन नाव चलाने पर होगी कार्रवाई!
मुजफ्फरपुर में नदियों में नाव परिचालन के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर अब प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को नाव परिचालन के निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाव पर क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने, बिना निबंधन नाव चलाने और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिना निबंधन परिचालित नावों को जब्त करने की भी कार्रवाई की जा सकती है।
निर्देश के मुताबिक, सूर्यास्त के बाद और सूर्योदय से पहले नाव परिचालन की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक नाव में क्षमता के अनुरूप लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, फर्स्ट एड किट और अन्य बचाव उपकरण उपलब्ध रखना अनिवार्य होगा। आंधी, तूफान और तेज हवा जैसी प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में नाव परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
गंडक, बूढ़ी गंडक और बागमती नदी के घाटों पर नियमों की निगरानी की जाएगी। अधिकारियों को नाविकों के साथ बैठक करने, नियमित निरीक्षण करने और घाटों पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि नाव से यात्रा करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें और अपनी जान जोखिम में न डालें।
#TirhutNow #MuzaffarpurNews #नावपरिचालन #KumarGaurav #BiharNews
Musahri, Muzaffarpur | Oct 14, 2026