माननीय प्रेक्षक के निदेशन एवं नेतृत्व में बिहार विधान परिषद निर्वाचन हेतु मतदान कार्य में प्रतिनियुक्त पीठासीन पदाधिकारियों, माइक्रो प्रेक्षकों, दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई; *मतदान की गोपनीयता सुनिश्चित करने एवं मतपत्र की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता* देने का निर्देश दिया गया
====================
पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ दायित्वों का समुचित निर्वहन करते हुए मतदान सफलतापूर्वक संपन्न कराएँ: प्रमंडलीय आयुक्त
====================
स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण वातावरण में मतदान सम्पन्न कराना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता; संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहे: माननीय प्रेक्षक
====================
माननीय प्रेक्षक, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र श्री कौशल किशोर के निदेशन, नेतृत्व एवं प्रेक्षण में पीठासीन पदाधिकारियों, माइक्रो प्रेक्षकों, दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों को आज एमआईटी में ब्रीफ किया गया तथा बिहार विधान परिषद निर्वाचन हेतु मतदान कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिनियुक्त पीठासीन पदाधिकारियों, माइक्रो प्रेक्षकों, दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों को आयोग के निर्देशों का अनुपालन करते हुए मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का निदेश दिया गया।
निर्वाची पदाधिकारी, तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-सह-आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर श्री गिरिवर दयाल सिंह एवं माननीय प्रेक्षक श्री कौशल किशोर ने पदाधिकारियों को ब्रीफ करते हुए कहा कि बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्वि-वार्षिक निर्वाचन, 2026 का 23 अक्टूबर को होने वाला मतदान भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सभी व्यवस्था की गई है।
आज 22 अक्टूबर को पोलिंग पार्टी का डिस्पैच चारों जिलों-सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली- के निर्धारित केन्द्रों से हुआ है। मुजफ्फरपुर जिला के लिए पोलिंग पार्टी का डिस्पैच एमआईटी, मुजफ्फरपुर से हुआ है। निर्वाचन को कुशलतापूर्वक सम्पन्न कराने एवं निर्वाचन आयोग के आदेशों तथा निर्देशों का सभी स्तरों पर शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों विशेषकर पीठासीन व मतदान पदाधिकारियों से सतर्कता, विशेष परिश्रम और मनोयोग की अपेक्षा है। निर्वाचन प्रक्रिया से सम्बद्ध सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने उत्तरदायित्वों व कर्तव्यों के सम्बन्ध में समुचित प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्वि-वार्षिक निर्वाचन, 2026 में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 203 है जिसमें तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 145 मतदान केन्द्र तथा तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 58 मतदान केन्द्र हैं। *मतदान 23 अक्टूबर को 8 बजे पूर्वाह्न से 4 बजे अपराह्न तक होगा*। मतदान एकल संक्रमणीय मत प्रणाली के तहत अधिमान क्रम में होगा तथा ईवीएम के स्थान पर मतपेटी एवं *मतपत्र* का उपयोग किया जाएगा। विधान परिषद के 04-तिरहुत स्नातक तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 से संबंधित मतपत्र पर “*इनमें से कोई नहीं*” (NOTA) का मुद्रण नहीं रहेगा। मतदान के सफल संचालन के लिए सभी 203 बूथ पर पीठासीन पदाधिकारियों, मतदान अधिकारियों एवं माइक्रो प्रेक्षकों को प्रतिनियुक्त किया गया है। *मतदान की गोपनीयता सुनिश्चित करने एवं मतपत्र की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है*। स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए विधि-व्यवस्था हेतु जिलों में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/ पुलिस अधीक्षक द्वारा जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है।
प्रमंडलीय आयुक्त श्री गिरिवर दयाल सिंह ने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई है। प्रशिक्षण का कार्य भी पूर्व में ही संपन्न हो चुका है। आज अंतिम ब्रीफिंग भी पूरी कर ली गई है और मतदान दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए हैं।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि आप सभी को प्रमंडल एवं जिला स्तर पर विधिवत प्रशिक्षण दिया गया है। आप सभी अधिकारीगण प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारियों, तकनीक एवं कौशल का लाभ उठाते हुए पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ मतदान सफलतापूर्वक संपन्न कराएँ। अधिकारियों को सुविकसित कम्युनिकेशन प्लान के अनुसार आपस में सार्थक समन्वय एवं सुदृढ़ संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया गया। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में प्रमंडल-स्तरीय नियंत्रण कक्ष क्रियाशील है जो निम्नवत है:
दूरभाष संख्या: 0621-2213962,
ई-मेल आईडी: divcom.tirhut-bih@nic.in,
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान के सफल, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण संचालन तथा प्रभावी अनुश्रवण हेतु सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर वीडियोग्राफर की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी 203 मतदान केन्द्रों पर माइक्रो प्रेक्षकों को भी प्रतिनियुक्त किया गया है। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध है। मतदान के दिन प्रत्येक घंटे मतदान प्रतिशत की जानकारी नियंत्रण कक्ष द्वारा प्राप्त की जाएगी। पोलिंग पार्टी डिस्पैच से लेकर पोल्ड मतपेटिकाओं को स्ट्रॉंग रूम में जमा करने तक की सम्पूर्ण प्रक्रिया का अनुश्रवण प्रमंडलीय स्तर से किया जा रहा है।
प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों को निदेश दिया कि मतदान केंद्रों पर होने वाला हर कार्य आयोग के निर्देशानुसार विधिवत, स्वच्छ तथा पारदर्शी हो। आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन, विधि व्यवस्था संधारण सहित आयोग के सभी दिशा-निर्देशो एवं प्रावधानों का सम्यक अनुपालन अनिवार्य है।
माननीय प्रेक्षक ने ब्रीफिंग में पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का द्वि-वार्षिक निर्वाचन, 2026 स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहकर आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रावधानों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराए। माननीय प्रेक्षक ने कहा कि निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं जवाबदेही के साथ करें। सभी को अपने कार्यों में पारदर्शिता बनाये रखनी है। सिर्फ निष्पक्ष और पारदर्शी रहना ही नहीं बल्कि निष्पक्ष और पारदर्शी दिखना भी है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारी एवं कर्मी लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत भारत निर्वाचन आयोग के *नियंत्रण, अधीक्षण एवं अनुशासन* के अधीन कार्य करते हैं। सभी अधिकारी आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।
पदाधिकारियों को दिए गए मुख्य निर्देश:
=====================
मतदान दल अपने साथ टैग किए गए पुलिस पदाधिकारी एवं अपने स्टैटिक मजिस्ट्रेट से मोबाइल नं० का एक दूसरे से आदान प्रदान कर लें।
प्राप्त सामग्रियों का चेकलिस्ट के अनुरूप मिलान करेंगे।
*ठीक 08:00 बजे पूर्वाह्न वास्तविक मतदान की शुरुआत करेंगे। वास्तविक मतदान प्रारंभ होने की सूचना स्टैटिक मजिस्ट्रेट व कंट्रोल रूम को देंगे। मोबाइल एप के द्वारा भी आप सूचनाओं को प्रेषित करेंगे।
*मतदान की गोपनीयता भंग न हो इसे हर हाल में सुनिश्चित करें। मतपत्र की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।*
*मतदान प्रारंभ होने से मतदान समाप्ति तक प्रत्येक दो घंटे पर कितने महिला व पुरुष मतदाता ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया, की जानकारी बिना देर किए PRESIDING APP (मोबाइल एप) के माध्यम से प्रेषित करेंगे।
*4:00 बजे शाम में अगर किसी मतदान केन्द्र पर ज्यादा भीड़ हो तो स्टैटिक मजिस्ट्रेट वहीं पर कैम्प करें एवं कंट्रोल रूम को फोन करें।
*वोलेंटियर्स को मोबाइल होल्डर एवं टोकन हस्तगत करा दें। निर्वाचकों का मोबाइल स्वीच ऑफ मोड में वहीं पर रखा जाना है।
*मतदान समाप्ति के उपरांत PRESIDING APP (मोबाइल एप) में पोल क्लोज करेंगे।
*उपस्थित मतदान अभिकर्ताओं को भरे हुए मतपत्र लेखा (प्रारूप–16) की प्रति उपलब्ध करायें तथा पावती प्राप्त करें।
*मतदान तिथि हेतु विशेष अनुदेश*
==================
*यदि कोई समस्या हो तो अपने स्टैटिक मजिस्ट्रेट या अन्य वरीय पदाधिकारी से बात कर समस्या का समाधान प्राप्त कर लें।
* मतदान अधिकारी को यह सुनिश्चित करना है कि बूथ के अन्दर कोई भी मोबाइल ले कर न जाएँ।
* बूथ पर प्रतिनियुक्त अधिकारी मीडिया प्रतिनिधियों को नियमानुसार सहयोग प्रदान करेंगे। जिन मीडिया प्रतिनिधियों के पास प्राधिकार पत्र हो वे मतदान परिसर में आ सकते हैं। उन्हें केवल परिसर का ही मीडिया कवरेज करना है।
*मतदान केन्द्रों पर मतदान के दिन सजग रह कर विधि व्यवस्था का संधारण करना।
*निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केन्द्र से 100 मीटर की परिधि के अन्दर किसी भी राजनीतिक दल/उम्मीदवार के द्वारा बूथ नहीं लगाया जाना है। 100 मीटर के बाहर जो बूथ लगाया जायेगा, उसमें केवल एक टेबल, दो कुर्सी एवं एक बैनर (4x8 फीट साइज) अनुमान्य है।
*मतदान केन्द्र पर प्रतिनियुक्त बल बाहर रहेगा, न कि अन्दर। विधि व्यवस्था के संबंध में यदि पीठासीन पदाधिकारी के द्वारा पुलिस कर्मियों एवं पदाधिकारियों को बुलाया जायेगा, तब ही वे अन्दर जायेंगे।
*मतदान केन्द्र पर पहचान संबंधित निर्णय मात्र पीठासीन पदाधिकारी कर सकते हैं और कोई नहीं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये 10 वैकल्पिक आईडी कार्ड की सूची सभी पोलिंग टीम को उपलब्ध करायी गई है।
मतदान समाप्ति हेतु निर्धारित समय के बाद :
=======================
*मतदान का समय समाप्त होने के पश्चात पंक्ति में लगे मतदाताओं को पीठासीन पदाधिकारी द्वारा पर्ची दिलवाना एवं पर्ची प्राप्त मतदाताओं को मतदान सुनिश्चित करवाना।
*स्टैटिक दण्डाधिकारी सभी मतदान केन्द्रों के पीठासीन पदाधिकारियों, P1 एवं P2 को वज्रगृह तक अपने साथ लायेंगे।
*मतदान सामग्री निर्धारित प्राप्ति केन्द्र में जमा करना।
*मतपेटिका वज्रगृह में जमा करने हेतु ले जाने के समय संबंधित थाना/चेक पोस्ट पर सूचना देना तथा मतदान केन्द्र से वज्रगृह तक बिना ठहरे यात्रा करना।
*मतपेटिका को सुरक्षित वज्रगृह तक ले जाना है।
=================
सहायक निर्वाची पदाधिकारी, तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव ने अधिकारियों को ब्रीफ करते हुए कहा कि हर निर्वाचन एवं निर्वाचन का हर चरण समान रूप से महत्वपूर्ण होता है। आप सभी पदाधिकारी, दण्डाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्धारित मानकों के अनुरूप सम्यक रूप से निर्वहन करें। पीठासीन पदाधिकारी आज 22 अक्टूबर को मतदान सामग्री/बैलेट पेपर/बैलेट बॉक्स को प्राप्त कर रहे हैं और आवंटित वाहन से पुलिस अभिरक्षा में अपनी टीम के साथ *बिना कहीं रुके* अपने-अपने मतदान केन्द्र तक पहुंचेंगे और इसकी सूचना कंट्रोल रूम को देंगे तथा Mobile App पर अपडेट करेंगे। वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर श्री कांतेश कुमार मिश्र ने कहा कि स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त माहौल में मतदान कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है। आयोग के मानकों के अनुसार दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं बलों को प्रतिनियुक्त किया गया है। आप सभी निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित कराएँ।
=====================
गौरतलब है कि प्रशासनिक भवन, एमआईटी, मुजफ्फरपुर को तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 के लिए *पोल्ड मतपेटिका वज्रगृह (पोल्ड बैलट बॉक्स स्ट्रॉंग रूम) एवं मतगणना स्थल* के रूप में चयन किया गया है। मतदान समाप्ति के उपरान्त चारों जिलों- मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर एवं वैशाली-से आने वाले पोल्ड मतपेटिकाओं एवं अन्य कागजातों तथा सामग्रियों को एमआईटी स्थित संग्रहण केन्द्र-सह-बज्रगृह पर प्राप्त करने हेतु काउंटर्स के निर्माण सहित सुरक्षित संधारण के लिए आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है। 27 अक्टूबर को *एमआईटी के प्रशासनिक भवन में मतगणना होना निर्धारित* है।
=====================
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
Chief Electoral Officer, Bihar
Election Commission of India
9 views | Muzaffarpur, Bihar | Oct 22, 2026