जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर की अध्यक्षता में उद्योग संवाद का आयोजन
जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर की अध्यक्षता में आज आर0टी0डी0 सभागार, बियाडा, मुजफ्फरपुर में उद्योग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना, उद्यमियों की समस्याओं का समाधान करना तथा सरकार की विभिन्न उद्योग एवं स्वरोजगार संबंधी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना था।
विभिन्न उद्योग संघ यथा– उत्तर बिहार वाणिज्य एवं उद्योग परिषद, मुजफ्फरपुर, लघु उद्योग भारती, मुजफ्फरपुर एवं उत्तर बिहार उद्यमी संघ, मुजफ्फरपुर के प्रतिनिधियों द्वारा जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक का स्वागत करते हुए संवाद की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों, उद्यमियों एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। उद्यमियों द्वारा जिला प्रशासन एवं बिहार सरकार को उद्यमी संवाद कार्यक्रम के आयोजन के लिए धन्यवाद दिया गया, साथ ही उद्यमी संवाद कार्यक्रम के द्वारा उद्योगपति एवं प्रशासन के बीच समन्वयक के रूप में कार्य करने का आश्वासन दिया गया, जिससे जिले का आर्थिक एवं सर्वांगीण विकास हो सके।
उद्यमियों द्वारा उद्योग संचालन में आ रही समस्याओं यथा– मिठनपुरा–इमली चौक तक सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, बियाडा में मूलभूत सुविधाएं जैसे शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई की व्यवस्था आदि, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं ट्रिपिंग समस्या से निजात, बियाडा स्तर से सी0सी0टी0वी0 कैमरा की व्यवस्था, जल-निकासी की व्यवस्था, बियाडा प्रक्षेत्र में कचरा प्रबंधन, अनुदान, बिजली, कच्चे माल, विपणन, आधारभूत संरचना एवं अन्य विषयों पर अपने सुझाव एवं समस्याएँ रखी गईं।
जिला पदाधिकारी महोदय ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने एवं समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में उद्योगों की स्थापना एवं संचालन के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है। स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित कर रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा जिले की आर्थिक गतिविधियों को गति देने की दिशा में निरंतर प्रयास किया जाएगा। जिला पदाधिकारी द्वारा आश्वस्त किया गया कि प्रत्येक माह इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा, जिसमें जिला स्तरीय औद्योगिक समस्याओं का त्वरित निष्पादन किया जायेगा तथा नीतिगत निर्णय के मामले में संबंधित विभाग को अग्रेत्तर कार्रवाई हेतु अनुरोध किया जायेगा। साथ ही सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि जिले के निर्माण कार्य में स्थानीय उत्पादित वस्तुओं के क्रय को प्राथमिकता दी जाये।
वरीय पुलिस अधीक्षक महोदय ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि जिले में उद्योगों के सुरक्षित संचालन हेतु पुलिस प्रशासन पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा उद्यमियों की सुरक्षा से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने उद्यमियों से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस प्रशासन एवं डायल 112 को तत्काल सूचित करने की अपील की। साथ ही इनके द्वारा सभी उद्यमियों को अपील की गई सुरक्षा के दृष्टिकोण से अपने औद्योगिक परिसर के मुख्य द्वार पर गुणवत्तापूर्ण सी0सी0टी0वी0 कैमरा स्थापित की जाये।
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक द्वारा उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों तथा नए उद्यम स्थापित करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
अंत में सभी उद्यमियों से अपील की गई कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर जिले के औद्योगिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएँ। उद्योग संवाद कार्यक्रम उद्यमियों एवं जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
उक्त कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर, नगर आयुक्त, नगर निगम, मुजफ्फरपुर, अनुमंडल पदाधिकारी, पूर्वी, बिजली विभाग के सभी कार्यपालक अभियंता, श्रम अधीक्षक, मुजफ्फरपुर, अग्रणी जिला प्रबंधक, मुजफ्फरपुर, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर एवं जिले के विभिन्न उद्यमियों ने अपनी सहभागिता दर्ज की।
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
CMO Bihar
Bihar Industrial Area Development Authority - BIADA
Industries Department, Bihar