सारण तटबंध में संभावित रिसाव की सूचना पर जिला प्रशासन अलर्ट, प्रभावित क्षेत्र का डीएम ने स्वयं किया दौरा और निरीक्षण,
मकेर प्रखंड के हेजलपुर एवं बाधाकोल में सुरक्षात्मक कार्य तेज
छपरा 30 सितंबर 2026
मकेर प्रखंड अंतर्गत सारण तटबंध में दो स्थानों पर संभावित रिसाव की सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन पूरी तरह सजग एवं अलर्ट मोड में है। जिला पदाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर संबंधित पदाधिकारियों एवं तकनीकी टीमों द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।
- मकेर प्रखंड के हेजलपुर एवं बाधाकोल में तटबंध पर संभावित रिसाव की सूचना प्राप्त हुई है। सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी सारण, श्री वैभव श्रीवास्तव ने स्वयं प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया तथा जल संसाधन विभाग एवं बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल की टीमों को तत्काल स्थल पर पहुंचकर आवश्यक निरोधात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
- संभावित रिसाव वाले स्थलों पर बालू भरे बोरे, बल्ले सहित अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
- स्थिति पर सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की टीमों को भी प्रतिनियुक्त किया गया है।
- तटबंध के समीप एवं संभावित बाढ़ प्रभावित आबादी वाले क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यकतानुसार सुरक्षित निष्क्रमण एवं सुरक्षित ठहराव की व्यवस्था के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
- प्रभावित क्षेत्रों में नावों के परिचालन एवं उपलब्धता को लेकर भी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
- जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करने तथा तटबंध से संबंधित किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। ज्ञातव्य है कि यहां कटाव स्थल,हैजलपुर(मकेर) में दिन में और रात में भी भोजन कराने के लिए कम्युनिटी किचन की व्यवस्था कर दी गई है और लोगों के स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु मेडिकल कैंप भी संचालित है।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि तटबंध एवं नदी के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों को तत्काल सूचना दें।
12 views | Saharsa, Bihar | Sep 30, 2026