*राजकीय महाविद्यालय चम्बा के प्राणी विज्ञान विभाग द्वारा एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के दौरान ट्राउट मत्स्य पालन, वन्यजीव संरक्षण एवं शैक्षणिक आदान-प्रदान के माध्यम से विद्यार्थियों ने अर्जित किया व्यावहारिक ज्ञान*
राजकीय महाविद्यालय चम्बा के प्राणी विज्ञान विभाग द्वारा विद्यार्थियों को प्राणी विज्ञान विषय से संबंधित व्यावहारिक एवं क्षेत्रीय ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण में महाविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग के द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया। भ्रमण का नेतृत्व विभाग के सहायक आचार्य डॉ. मनेश तथा प्रोफेसर अविनाश पाल ने किया।
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने भांदल स्थित ट्राउट मत्स्य फार्म तथा गमगुल सियाहबेही वन्यप्राणी अभयारण्य क्षेत्र का दौरा किया। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को जलीय जीवों, मत्स्य पालन की वैज्ञानिक तकनीकों, जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण तथा प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
भांदल स्थित ट्राउट मत्स्य फार्म के भ्रमण के दौरान मत्स्य पालन विभाग के फील्ड सहायक श्री चन्द्रगुप्त ने विद्यार्थियों को ट्राउट मछली के पालन-पोषण एवं उत्पादन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने विद्यार्थियों को ट्राउट मछली की हैचरी व्यवस्था, प्रजनन प्रक्रिया, मत्स्य बीज उत्पादन, मछलियों के लिए उपयुक्त आहार, रेसवे प्रणाली तथा मछलियों के विकास के लिए आवश्यक जल की गुणवत्ता एवं पर्यावरणीय परिस्थितियों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक विधियों से मत्स्य पालन करने, मछलियों के स्वास्थ्य एवं संवर्धन का ध्यान रखने तथा मत्स्य पालन को स्वरोजगार एवं आजीविका के एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में विकसित करने की संभावनाओं से भी अवगत करवाया। इस दौरान विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने का अवसर मिला।
शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत विद्यार्थियों ने गमगुल सियाहबेही वन्यप्राणी अभयारण्य क्षेत्र का भी दौरा किया। यहां विद्यार्थियों को क्षेत्र की प्राकृतिक वन संपदा, वन्यजीवों के आवास, जैव विविधता तथा वन एवं वन्यजीव संरक्षण के महत्व को समझने का अवसर मिला। इस प्रकार के क्षेत्रीय भ्रमण विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भ्रमण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा स्टूडेंट एक्सचेंज कार्यक्रम भी रहा। इसके अंतर्गत प्राणी विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने राजकीय महाविद्यालय सलूणी तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भांदल का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने संबंधित संस्थानों के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ शैक्षणिक विषयों पर विचारों, अनुभवों और जानकारियों का आदान-प्रदान किया।
इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवाद कौशल, सहयोग की भावना, शैक्षणिक सहभागिता तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बीच आपसी समन्वय को बढ़ावा देना था। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं अनुभव साझा करने के साथ-साथ नए शैक्षणिक वातावरण को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण में प्राणी विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें निखिल गौतम, पलक, हरमनप्रीत संधू, ईशा, कविता, फरहान अख्तर, स्नेहा, सलोनी, कविता, पवित्रा, साक्षी, आइशा, दामीनी, प्रीतिका, आंचल, अंशु ठाकुर, भूमिका, दृष्टि, मनीष शर्मा, मिनाक्षी, नंदिनी, रीना, सत्ताक्षी शर्मा, शुभम, स्नेहा, विशाल भारद्वाज, यशीता कृतिका व ज्यावंति सहित अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विभाग द्वारा आयोजित इस शैक्षणिक गतिविधि ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम आधारित ज्ञान के अतिरिक्त क्षेत्रीय अध्ययन, व्यावहारिक अनुभव, पर्यावरण संरक्षण तथा शैक्षणिक संवाद के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया। इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा विषय के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान राजकीय महाविद्यालय सलूणी के प्राचार्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भांदल के प्राचार्य व अध्यापकों, मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारिओं का विशेष सहयोग मिला।
Chamba, Chamba | Oct 18, 2026