नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार ने पंचकूला के पुराने सेक्टरों में शामिल सेक्टर-18 का दौरा कर सफाई व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर की विभिन्न गलियों और सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण किया तथा मौके पर मौजूद सेक्टरवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नागरिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, जिन समस्याओं के समाधान में कुछ समय लगना था, उनके लिए जल्द आवश्यक कदम उठाने तथा समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
सेक्टर-18 के निरीक्षण के उपरांत नगर निगम आयुक्त अपनी टीम के साथ अभयपुर गांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों की सीवरेज संबंधी समस्या का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय निवासियों से बातचीत कर समस्या की वास्तविक स्थिति को समझा और अधिकारियों के साथ मौके पर मौजूद रहकर आवश्यक कार्रवाई करवाई, जिससे समस्या का समाधान सुनिश्चित हो सका।
आयुक्त का स्वयं गांव पहुंचकर समस्या का जायजा लेना और अधिकारियों के साथ मौके पर खड़े रहकर समाधान करवाना नगर निगम प्रशासन की जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही का एक सराहनीय उदाहरण है। इससे यह संदेश भी मिलता है कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान केवल कार्यालयों तक सीमित न रहकर जमीनी स्तर पर भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद पार्थ गुप्ता, सेक्टर-18 के प्रधान, संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय निवासी मौजूद रहे। सेक्टरवासियों और ग्रामीणों ने नगर निगम आयुक्त की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों का स्वयं जनता के बीच पहुंचना और समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में तत्काल कदम उठाना एक सकारात्मक पहल है।
नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार ने कहा कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। नागरिकों की समस्याओं को सुनना, उनका वास्तविक आकलन करना और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम आगे भी इसी भावना के साथ जमीनी स्तर पर कार्य करती रहेगी।
नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों के सहयोग और सहभागिता से पंचकूला को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं बेहतर सुविधाओं वाला शहर बनाना है।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia