शीतकाल के लिए बंद हुए चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ के कपाट!!
19 अक्टूबर को शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर पहुंचेगी चल विग्रह डोली
रुद्रनाथ। चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं । इसके साथ ही भगवान रुद्रनाथ की शीतकालीन पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 18 अक्टूबर को भगवान रुद्रनाथ की चल विग्रह डोली मंदिर से उनके शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर के लिए रवाना हुई। यात्रा के दौरान डोली रात्रि विश्राम के लिए देवलधार स्थित ज्वालपा मंदिर में ठहरेगी। इसके बाद 19 अक्टूबर को भगवान रुद्रनाथ की चल विग्रह डोली शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर पहुंचेगी। यहां शीतकाल के दौरान भगवान की पूजा-अर्चना संपन्न की जाएगी।
कपाट बंद होने के साथ ही चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ की ग्रीष्मकालीन यात्रा का समापन हो गया है। अब श्रद्धालु शीतकाल में गोपीनाथ मंदिर में भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।