बड़ी खबर : रूद्रप्रयाग पीडब्ल्यूडी तिराहे के पास पलटा टेम्पो ट्रैवलर, 16 लोग घायल,
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्यों का लिया जायजा,
चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का जाना हाल,
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में शनिवार को पीडब्ल्यूडी तिराहे के समीप एक टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में वाहन चालक सहित सभी 16 सवार घायल हो गए। इनमें आठ महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार अपराह्न 2 बजकर 33 मिनट पर वाहन संख्या डीएल 01 वीसी 6074 पीडब्ल्यूडी तिराहे के समीप अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र सक्रिय हो गया। केंद्र की ओर से तत्काल जिला आपदा मोचन बल (डीडीआरएफ) और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचित किया गया।
सूचना पर डीडीआरएफ की टीम, पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार तथा कोतवाली रुद्रप्रयाग के प्रभारी निरीक्षक सहित संबंधित कार्मिक घटनास्थल पर पहुंचे। संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए सभी घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी विशाल मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का कुशलक्षेम जाना तथा चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली। उन्होंने घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
जिला प्रशासन के अनुसार, सभी 16 घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। त्वरित सूचना, बचाव दलों की सक्रियता और एंबुलेंस सेवा के समन्वय से सभी घायलों को समय रहते चिकित्सालय पहुंचाया गया।