जमुई के बाद फिर समस्तीपुर में युवती से अभद्रता का वीडियो वायरल, चार युवक गिरफ्तार
समस्तीपुर। जमुई की घटना के बाद अब समस्तीपुर जिले से भी एक युवती के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक एक युवती के साथ बदसलूकी करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती एक युवक के साथ बांध बाईपास रोड पर रुकी हुई थी और दोनों सड़क किनारे फोटो ले रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने युवती के साथ गाली-गलौज की, उसका नाम-पता पूछते हुए अभद्र व्यवहार किया तथा उसे जबरन खींचने की कोशिश की।
वायरल वीडियो में कुछ युवक युवती को घेरकर परेशान करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।
हाल के दिनों में बिहार के विभिन्न जिलों से महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ एवं अभद्रता की घटनाएं सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Kahara, Saharsa | Sep 24, 2026