सोनपुर मेला के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों से 15 अक्टूबर तक आमंत्रित किए जाएंगे आवेदन
मेले के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत एवं वर्तमान प्रासंगिकता पर वीडियो डॉक्यूमेंट्री तथा कॉफी टेबल बुक तैयार करने के निर्देश
आगामी सोनपुर मेला के आयोजन के संदर्भ में जिला पदाधिकारी के आदेशानुसार उप विकास आयुक्त श्री लक्ष्मण तिवारी की अध्यक्षता में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, कलाकारों की सहभागिता एवं मेले की ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक विरासत को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने के संबंध में आज बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्थानीय कलाकारों की सहभागिता तथा आयोजन से संबंधित तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सोनपुर मेला के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता के इच्छुक कलाकारों से 15 अक्टूबर 2026 तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इच्छुक कलाकार निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं के कलाकारों को कार्यक्रमों में अवसर प्रदान करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
बैठक में सोनपुर मेला की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व, समृद्ध परंपरा तथा वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता को व्यापक रूप से प्रस्तुत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस क्रम में सोनपुर मेला के इतिहास से लेकर वर्तमान स्वरूप एवं बदलते सामाजिक-सांस्कृतिक परिदृश्य में इसकी भूमिका को समाहित करते हुए एक वीडियो डॉक्यूमेंट्री तैयार करने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही सोनपुर मेला की ऐतिहासिक विरासत, महत्वपूर्ण स्थलों, सांस्कृतिक परंपराओं, कला एवं लोक संस्कृति तथा मेले के विभिन्न आयामों को संकलित करते हुए कॉफी टेबल बुक प्रकाशित करने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को विविधतापूर्ण एवं आकर्षक बनाने, स्थानीय एवं उभरते कलाकारों को पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने तथा सोनपुर मेला की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। उप विकास आयुक्त ने बैठक के दौरान यह निर्देश दिए कि गत वर्ष की तर्ज पर ही इस वर्ष भी तमाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए तथा अपने विरासत की पहचान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बखूबी झलके इसका जरूर ध्यान रखा जाए।
11 views | Saharsa, Bihar | Sep 24, 2026