ताऊ देवीलाल के सिद्धांतों और जनसेवा की विचारधारा को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : ओपी सिहाग
पंचकूला में जेजेपी कार्यकर्ताओं ने ताऊ देवीलाल को श्रद्धासुमन अर्पित किए, जनसेवा और संगठन मजबूती का लिया संकल्प
पंचकूला, 25 सितंबर 2026। भारत के पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं जननायक चौधरी देवीलाल की 113वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में श्रद्धांजलि एवं जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जननायक जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ताऊ देवीलाल को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सिद्धांतों एवं जनसेवा की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
जेजेपी पंचकूला के जिला अध्यक्ष ओपी सिहाग ने कहा कि ताऊ देवीलाल का पूरा जीवन संघर्ष, सादगी, किसान हित और जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उनके पदचिह्नों पर चलते हुए जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करना और समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
ओपी सिहाग ने कहा कि चौधरी देवीलाल केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि जनसंघर्ष और जनसेवा की विचारधारा के प्रतीक थे। उन्होंने किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान एवं अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनकी विरासत को केवल स्मरण करने तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उनके सिद्धांतों को आचरण और कार्यों में उतारना चाहिए।
उन्होंने जेजेपी कार्यकर्ताओं से ईमानदारी, सादगी, संघर्ष और जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने तथा आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
पार्टी की महिला इकाई की प्रदेश प्रभारी डॉ. किरण पूनिया ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के लिए निरंतर कार्य करे। उन्होंने कहा कि ताऊ देवीलाल की जयंती उनके संघर्ष, सिद्धांतों और जनसेवा के संकल्प को दोहराने का अवसर है।
जेजेपी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रणधीर सिंह ने कहा कि ताऊ देवीलाल के विचार पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा हैं, उनका संघर्ष संकल्प है और जनसेवा कर्तव्य है। राष्ट्रीय कार्यालय सचिव धर्मवीर सिंह ने ताऊ देवीलाल को श्रद्धांजलि देते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
पूर्व आईजी ईश्वर सिंह दुहन ने चौधरी देवीलाल से अपने परिवार के पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि उनके त्याग और संघर्ष की मिसाल मिलना कठिन है। उन्होंने कहा कि सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने और आपसी भाईचारा मजबूत बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम में जेजेपी के राष्ट्रीय कार्यालय सचिव धर्मवीर सिंह, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रणधीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष केसी भारद्वाज, प्रदेश महासचिव हरबंस सिंगला, जिला कार्यालय सचिव सुरिंदर चड्ढा, जिला प्रवक्ता सुरेश पाठक, नरेंद्र जैन, सुरेश राणा, जिला युवा जेजेपी प्रधान दीपक गुजर, वरिष्ठ नेता कर्म सिंह चहल, एससी सेल जिला प्रधान आजाद दिलेर, बीसी सेल जिला प्रधान महाबीर जांगड़ा, कालका हलका अध्यक्ष मयंक लाम्बा, महिला हलका प्रधान बबीता पूनिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर विजय पांचाल, भीम सिंह पंवार, विकास मलिक, अवतार गुजर, मनीष गुजर, लक्ष्मीनारायण शर्मा, टेक चंद नैन सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने ताऊ देवीलाल को श्रद्धासुमन अर्पित किए और जनहित एवं संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
समाचार संसार न्यूज़ 24 : रिपोर्टर देव शर्मा
#सच्ची_खबर_सटीक_विश्लेषण #पंचकूला #ताऊदेवीलाल #जेजेपी #देवीलालजयंती #जनसेवा #हरियाणा