कालका में दो दिवसीय सेवा सेतु शिविर का शुभारंभ, विधायक शक्ति रानी शर्मा ने किया निरीक्षण
विधायक शक्ति रानी शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश, बिना देरी पात्र लोगों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
सेवा सेतु शिविर में स्वरोजगार, ऋण, सब्सिडी और कौशल विकास योजनाओं की दी जा रही जानकारी
पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण, सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदनों पर हो रही कार्रवाई
पंचकूला/कालका , 25 सितंबर : कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा ने आज सेवा संकल्प अभियान के तहत अंबेडकर भवन, कालका में आयोजित दो-दिवसीय सेवा सेतु शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के तहत उपलब्ध करवाए जा रहे लाभों की जानकारी ली।
इस अवसर पर नगर निगम के मेयर श्री श्याम लाल बंसल, नगर परिषद कालका के चेयरमैन श्री कृष्ण लाल लांबा, कालका के एसडीएम श्री संयम गर्ग, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री विशाल सैनी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे । विधायक ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से बातचीत कर उनका फीडबैक भी जाना।
श्रीमती शक्ति रानी शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले नागरिकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही, पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण करवाते हुए आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की जाएं, ताकि उन्हें बिना अनावश्यक देरी के योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को उनके घर-द्वार के नजदीक सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सभी खंडों, नगर निगम तथा नगर परिषद क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल स्थापित किए जाते हैं, जहां अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र व्यक्तियों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर मौके पर ही लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
विधायक ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से सरकार का प्रयास है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ त्वरित, पारदर्शी और सरल तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
शिविर के दौरान वैध परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) वाले पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर में कुल 200 लाभार्थियों का सेवा सेतु पोर्टल पर सफलतापूर्वक पंजीकरण किया गया।
शिविर में नागरिकों को विभिन्न विभागों की स्वरोजगार, ऋण, अनुदान, सब्सिडी एवं कौशल विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना से महिलाओं को ₹2,100 मासिक सहायता
हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है। इस योजना के अंतर्गत 23 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र महिलाएं (विवाहित एवं अविवाहित) आवेदन कर सकती हैं, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय परिवार पहचान पत्र (PPP) के अनुसार निर्धारित सीमा (1.80 लाख रुपये तक) में हो। शिविर में इस योजना के नए पंजीकरण, पात्रता व आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित पूरी जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
अनुसूचित जाति परिवारों के लिए ₹1.50 लाख तक ऋण व सब्सिडी
हरियाणा अनुसूचित जातियां वित्तीय एवं विकास निगम की ओर से पात्र अनुसूचित जाति परिवारों को कृषि, लघु उद्योग, व्यापार तथा व्यावसायिक गतिविधियों के लिए बैंक टाई-अप के माध्यम से 1.50 लाख रुपये तक ऋण तथा निर्धारित शर्तों के अनुसार सब्सिडी का लाभ दिया जाता है। वहीं, हरियाणा पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम द्वारा पिछड़े वर्ग एवं EWS वर्ग के नागरिकों के लिए रियायती ब्याज दर पर स्वरोजगार ऋण, अल्पसंख्यक समुदायों के लिए ऋण सुविधा तथा 40 प्रतिशत या अधिक दिव्यांगता वाले पात्र व्यक्तियों के लिए स्वावलम्बन योजना के तहत आसान ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
पशुपालन एवं डेयरी योजनाओं में 50 प्रतिशत तक सब्सिडी
पशुपालन एवं डेयरी विभाग की योजनाओं के तहत दुधारू पशुओं की डेयरी, सूअर पालन, भेड़-बकरी पालन तथा बैकयार्ड कुक्कुट पालन के लिए वित्तीय सहायता और सब्सिडी का प्रावधान है। पात्र अनुसूचित जाति परिवारों को विभिन्न पशुधन इकाइयों पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी तथा सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के पात्र नागरिकों को निर्धारित इकाइयों पर 25 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है। बैकयार्ड कुक्कुट योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 50 देसी चूजे और दो ड्रिंकर निःशुल्क उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
महिलाओं के लिए ₹5 लाख तक ऋण और उद्यमिता योजनाएं
हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विधवा एवं तलाकशुदा महिलाओं के लिए व्यक्तिगत व्यवसाय ऋण, लघु व्यवसाय ऋण, नारी ई-रिक्शा स्वावलंबन योजना तथा मातृशक्ति उद्यमिता योजना संचालित की जा रही हैं। पात्र महिलाओं को योजना के अनुसार 1.50 लाख रुपये से 5 लाख रुपये तक ऋण, सब्सिडी अथवा ब्याज अनुदान का लाभ मिल सकता है। वहीं, हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद एवं कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं के अंतर्गत ब्यूटी केयर, कंप्यूटर, सिलाई एवं कढ़ाई जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण निःशुल्क या निर्धारित पात्रता के अनुसार उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे युवाओं और महिलाओं को कौशल प्राप्त कर स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर हासिल करने में सहायता मिल सके।
शिविर में पात्रता, दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध
शिविर में विभागीय योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभ की जानकारी भी दी जा रही है। इच्छुक नागरिक अपनी पात्रता के अनुसार संबंधित विभाग से संपर्क कर योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।