*थाना आदमपुर पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध की बड़ी कार्रवाई, 642 पेटी अंग्रेजी शराब एवं 600 बोतल देशी शराब को किया गया नष्ट*
हिसार 22 जून । पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देशानुसार अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत न्यायालय के आदेशों की अनुपालना में आज डीएसपी मुख्यालय हिसार श्री कमलजीत तथा निरीक्षक तनेजपाल डीआई की अगुवाई में थाना आदमपुर के मालखाना में जमा अवैध शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया।
इस कार्रवाई के दौरान जिला मालखाना मोहर्रर उप निरीक्षक सत्यवान एवं थाना आदमपुर के मालखाना स्टाफ की उपस्थिति में मुकदमा संख्या 249/25 थाना आदमपुर में बरामद की गई अवैध अंग्रेजी शराब की कुल 642 पेटियां तथा अन्य विभिन्न मुकदमों में बरामद की गई 600 बोतल देशी शराब को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट (Destroy) किया गया।
शराब को नष्ट करने की कार्रवाई न्यायालय के आदेशों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शी एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न करवाई गई। पूरी प्रक्रिया के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई तथा आवश्यक रिकॉर्ड भी तैयार किया गया।
हिसार पुलिस अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है तथा भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की जाती है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, बिक्री अथवा भंडारण संबंधी सूचना हो तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Uklana, Hissar | Jun 22, 2026