03 प्रेस नोट 22.06.2026
टूटी नंबर प्लेट, बाइक पर लिखा डिफाल्टर, चालक नशे में मिला: पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने 22,500 का चालान कर बाइक इंपाउंड की, युवाओं को दिया जिम्मेदारी से वाहन चलाने का संदेश
पंचकूला/ 22 जून:-पंचकूला में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों और सड़क पर लापरवाही व दिखावे की प्रवृत्ति अपनाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत आज ट्रैफिक पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक चालक पर कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाया और उसकी बाइक को इंपाउंड कर दिया।
एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह के अनुसार आज पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित खड़क मंगोली क्षेत्र में नियमित चेकिंग के दौरान एक बाइक चालक पुलिस को संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस की नजर बाइक पर लगी टूटी हुई नंबर प्लेट पर पड़ी, जिसके बाद चालक को रोककर जांच की गई। सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिन्द्र कुमार की अगुवाई में की गई जांच के दौरान पाया गया कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। इसके अलावा उसके पास वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बाइक पर अंग्रेजी में डिफॉल्टर लिखा हुआ था, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक का कुल 22,500 का चालान किया और बाइक को इंपाउंड कर लिया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस लगातार ऐसे लोगों पर नजर बनाए हुए है जो सड़क पर हवाबाजी, लापरवाही या नियमों का उल्लंघन करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय जिम्मेदारी और समझदारी का परिचय दें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही बड़े हादसों का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करना सुरक्षित और व्यवस्थित समाज की दिशा में सभी की साझा जिम्मेदारी है।
Uklana, Hissar | Jun 22, 2026