किसान की फसल का एक - एक दाना एमएसपी पर खरीदा जाएगा : श्याम सिंह राणा
अधिक उत्पादन होने पर भी एमएसपी पर खरीदा जाएगा धान: श्याम सिंह राणा
जिओ-फेंसिंग और बायोमीट्रिक व्यवस्था से धान खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता होगी सुनिश्चित
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कुंजपुरा, घरौंडा,असंध, जुंडला, निसिंग, निगदू अनाज मंडियों का दौरा कर खरीद व्यवस्थाओं का लिया जायजा
करनाल, 11 अक्तूबर। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने रविवार को कुंजपुरा, घरौंडा,असंध, जुंडला, निसिंग, निगदू अनाज मंडियों का दौरा कर धान खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में धान लेकर पहुंचे किसानों, आढ़तियों तथा व्यापारियों से बातचीत कर खरीद, उठान और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली और उनकी समस्याओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि धान खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
अधिक उत्पादन होने पर भी एमएसपी पर खरीदा जाएगा धान
£ कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि यदि किसी किसान के खेत में निर्धारित औसत से अधिक धान की पैदावार होती है तो उसे अपनी फसल बेचने के लिए परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे किसान अपनी मंडी के सचिव को इसकी जानकारी दें। मंडी सचिव संबंधित एसडीएम, जिला कृषि उपनिदेशक (डीडीए) और उपायुक्त को सूचित करेंगे। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक अनुमति लेकर किसान की अतिरिक्त उपज की खरीद सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र किसान की फसल का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदा जाएगा और भुगतान उसके खाते में किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने मंडी में धान की आवक, खरीद प्रक्रिया, फसल की गुणवत्ता एवं नमी की जांच, बारदाने की उपलब्धता, फसल के उठान और किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया व उठान कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मंडी में फसल लेकर आए किसानों, आढ़तियों एवं व्यापारियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर बात कर समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि मंडियों में धान के उठान पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उठान में तेजी आने से मंडियों में जगह उपलब्ध होगी और खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सकेगी। उन्होंने कहा कि यदि परिवहन के लिए उपलब्ध वाहनों की कमी होती है तो वैकल्पिक व्यवस्था भी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर राइस मिलर्स के वाहनों की सहायता लेने का प्रावधान भी है, ताकि उठान कार्य प्रभावित न हो।
जिओ-फेंसिंग और बायोमीट्रिक व्यवस्था से रुकेगी अनियमितता
धान खरीद में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के संबंध में मंत्री ने कहा कि इस बार मंडियों में जिओ-फेंसिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और गेट पास की व्यवस्था की गई है। मंडी में धान लेकर आने वाली ट्रॉली की प्रवेश द्वार पर एंट्री होगी और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बायोमीट्रिक सत्यापन तथा ढेरी से संबंधित रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा। इसके बाद खरीद प्रक्रिया और जे-फॉर्म जारी करने की कार्रवाई होगी। मंडी से धान बाहर जाने पर आउटगोइंग पास का रिकॉर्ड भी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित खरीद एजेंसियों के साथ-साथ मार्केट कमेटी द्वारा भी आवक और जाने का रिकॉर्ड रखा जाएगा। इससे धान खरीद प्रक्रिया पर निगरानी रखने और अनियमितताओं की गुंजाइश कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली में आग न लगाएं, बल्कि इसका उचित प्रबंधन करें। उन्होंने किसानों से सरकार द्वारा पराली प्रबंधन के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाने और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर Ram Kumar Kashyap - MLA Indri , हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल एडवोकेट, घरौंडा के एसडीएम अनुभव मेहता, डीएफएससी मुकेश कुमार, डीएम हैफेड सुरेश कुमार, घरौंडा मार्केटिंग कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, किसान और आढ़ती मौजूद रहे।
#HVN24