महाराजा अग्रसेन जी के सिद्धांतों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी : विपुल गोयल
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अपने ऐच्छिक कोष से 11 लाख रुपये की देने की घोषणा
महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने की अध्यक्षता, अपने ऐच्छिक कोष से 11 लाख रुपये की देने की घोषणा
महाराजा अग्रसेन के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंदों के उत्थान और सामाजिक कार्यों में दें योगदान : कल्याण
घरौंडा/करनाल, 11 अक्तूबर। हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, आदर्शों और सिद्धांतों से युवा पीढ़ी को परिचित करवाना बेहद जरूरी है। महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा और उनके जीवन परिचय के माध्यम से युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने अग्रवाल समाज के लोगों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने महाराजा अग्रसेन प्रतिमा का अनावरण किया और लिफ्ट का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का एक रुपया-एक ईंट का सिद्धांत सामाजिक समानता, सहयोग और परस्पर सहायता का प्रतीक है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास’ और अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अंत्योदय की जब बात होती है कि जितनी भी हमारे राज्य की सुविधाएं हैं, वो समाज के आखिरी छोर पर बैठे हुए लोगों को भी समान रूप से जाएं। यह महाराजा अग्रसेन जी का सिद्धांत है। इस सिद्धांत पर कार्य करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का भी धन्यवाद किया।
विपुल गोयल ने कहा कि सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर समाज के लोगों के बीच विचार-विमर्श होना चाहिए, ताकि समाज के हितों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज अपनी मेहनत, विश्वसनीयता और समाजसेवा की भावना के लिए जाना जाता है। समाज की एकजुटता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिसार स्थित हवाई अड्डे का नाम महाराजा अग्रसेन जी के नाम पर रखा गया है। उन्होंने अग्रोहा धाम में चल रही पुरातात्विक खुदाई का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए राज्य सरकार द्वारा 40 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि खुदाई के आगे बढ़ने से महाराजा अग्रसेन जी के इतिहास और विरासत से जुड़े नए तथ्य सामने आएंगे। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने 11 लाख रुपये की अनुदान देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यों में योगदान देना एक पुण्य कार्य है और समाज के विकास के लिए सभी को अपनी सामर्थ्य के अनुसार आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि आज विशेष दिन है क्योंकि आज प्रथम नवरात्रा है और आज के दिन महाराजा अग्रसेन की जयंती के अवसर पर यह बहुत ही सुंदर कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज वास्तव में संस्कृति है, इसके मूल में समरस्ता है। इस समाज ने पूरी दुनिया में ख्याति प्राप्त कि है। इसके लिए उन्होंने बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज संकल्प लेने का दिन है कि हम महाराजा अग्रसेन ने जो संदेश दिया उसे आगे बढ़ाए। उन्होंने कहा कि संत महापुरुष किसी एक जाति विशेष के नहीं बल्कि सर्व समाज के होते है और वे समाज की भलाई का काम करते है। उन्होंने कहा कि जब हमारी युवा पीढ़ी महाराज अग्रसेन जी के प्रतिमा के सामने से गुजरेगीं और पूछेगी कि ये किस शख्सियत की मूर्ति है, ये कौन व्यक्ति है जिसकी मूर्ति आप लोगों ने लगाई है, फिर उनका जीवन परिचय वो किसी से सुनेंगे और उनके जीवन से प्रेरणा लेगी। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने अहिंसा, समानता और समाज सेवा को महत्व दिया। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंदों के उत्थान और सामाजिक कार्यों में योगदान देना चाहिए। हरविंद्र कल्याण ने अपने ऐच्छिक कोष से 11 लाख रुपये की अनुदान देने की घोषणा की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष हैप्पी लक गुप्ता, मार्केट कमेटी अध्यक्ष राजकुमार पालीवाल, अग्रसेन सभा के प्रधान सतीश गोयल, महासचिव अमित गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुरेश मित्तल, संरक्षक सोहनलाल गुप्ता, उप प्रधान विनोद गर्ग, भारतीय इंडस्टरीज गढ़ी मुल्तान सुरेंद्र गुप्ता, सुनील, मयंक, चेतन, विशाल, सिंगला और महिला विंग मीनू गुप्ता, सुषमा गुप्ता सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
#HVN24