अंत्योदय फाउंडेशन बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने का कर रहा है काम :हरविंद्र कल्याण
साइकिल वितरण से बेटियों की शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, समय की होगी बचत
मनोहर लाल की अंत्योदय की सोच से प्रेरित होकर जरूरतमंद परिवारों की मदद कर रहा फाउंडेशन
करनाल, 11 अक्तूबर। अंत्योदय फाउंडेशन की ओर से करनाल में बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और उनकी राह आसान बनाने के उद्देश्य से साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने नवरात्रों की शुभकामनाएं देते हुए फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की और पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की अंत्योदय की सोच को नमन किया।
हरविंद्र कल्याण ने कहा कि समाज के जरूरतमंद परिवारों की कठिनाइयों को समझते हुए उनकी मदद करना ही अंत्योदय का भाव है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि जिन कठिन परिस्थितियों से हम गुजरे हैं, उनका सामना हमारी आने वाली पीढिय़ों को न करना पड़े। इसके लिए बच्चों को बेहतर शिक्षा, अवसर और सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेटियां कठिन परिश्रम करें, आत्मनिर्भर बनें और अपने पैरों पर खड़े होकर जीवन में आगे बढ़ें। साथ ही, सक्षम बनने के बाद दूसरों की मदद करने का भाव भी अपने भीतर बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि करनाल कल्पना चावला की धरती है। यहां की बेटियां भी अपने सपनों को साकार करते हुए नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं। यदि किसी बच्चे या परिवार को शिक्षा अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे अपनी बात साझा करें, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान करने के प्रयास किए जा सकें। उन्होंने बेटियों से आह्वान किया कि वे खूब पढ़ें, बड़े पदों पर पहुंचें और देश-प्रदेश का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की सोच गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को आगे बढ़ाने की रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर का उदाहरण देते हुए कहा कि शिक्षा और दृढ़ संकल्प के बल पर व्यक्ति जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है। माता-पिता भी बेटियों को आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकें।
सेवा का संकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे :स्वामी ज्ञानानंद महाराज
इस अवसर पर स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि नवरात्रों का पावन अवसर हमें सेवा, समर्पण और समाज के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण करवाता है। जीवन में केवल स्वयं की सुख-सुविधाओं तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक भी सुविधाएं और अवसर पहुंचाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में अंधकार के बजाय प्रकाश का महत्व है और जरूरतमंदों की सहायता करना इसी प्रकाश को फैलाने का माध्यम है। उन्होंने सेवा के संकल्प को मजबूत बनाए रखने और कन्याओं के सम्मान एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
बेटियों की शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष ध्यान : जगमोहन आनंद
करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि नवरात्रों के पावन अवसर पर अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस का महत्व और बढ़ जाता है। मनोहर लाल ने जरूरतमंदों की सहायता के लिए जो पहल की है, उसे आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की मदद करने की भावना से कार्य कर रहा है। बच्चों के सर्वेक्षण और कौशल विकास जैसी गतिविधियों के माध्यम से उन्हें शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के लिए तैयार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बेटियों से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई कर अपने परिवार तथा देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
साइकिल से समय की बचत होगी, पढ़ाई को मिलेगा अधिक समय : योगेंद्र राणा
विधायक योगेंद्र राणा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के अंत्योदय सिद्धांत से प्रेरित होकर जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। साइकिल मिलने से बेटियों को शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने में सुविधा होगी और उनके समय की बचत होगी। इस समय का उपयोग वे अपनी पढ़ाई और कौशल विकास में कर सकेंगी। उन्होंने बेटियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी से मजबूत होते हैं सेवा के प्रयास : भगवान दास कबीरपंथी
नीलोखेड़ी के विधायक भगवान दास कबीरपंथी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से दूसरे गांवों में पढ़ाई के लिए जाने वाली बेटियों के लिए साइकिल बेहद उपयोगी साबित होगी। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय पहल की है। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याण के लिए अनेक कार्य कर रही है और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी से इन प्रयासों को और मजबूती मिलती है। सेवा का भाव राजनीति से ऊपर उठकर समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करने की प्रेरणा देता है।
अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना ही अंत्योदय का उद्देश्य : ऐषणा कल्याण
अंत्योदय फाउंडेशन की सदस्य ऐषणा कल्याण ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की प्रेरणा से अंत्योदय की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से फाउंडेशन का गठन किया गया। इसका मुख्य लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन पिछले करीब 12 वर्षों से विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता कर रहा है। अब तक गरीब परिवारों की बेटियों को एक हजार साइकिल वितरित की जा चुकी हैं। इनमें आज 185 साईकिले वितरित किया जान शामिल है। इसके अलावा 11 गांवों में स्किल सेंटर स्थापित किए गए हैं, जिनसे युवाओं को कौशल विकास के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास बेटियों के सपनों को नई रफ्तार देने के साथ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी सहायक हैं।
कार्यक्रम में इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, अंत्योदय फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष बृज गुप्ता, सदस्य अनिरुद्ध यादव सहित मौजूद रहे।
#HVN24