#भरतपुर। वैर थाना क्षेत्र के भौंडा गांव में अब लाल निशान, नोटिस और बुलडोजर की तैयारी के बीच प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत के मामले में गिरफ्तारियों के बाद गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई ने जोर पकड़ लिया है। कई कब्जों पर लाल निशान लगाए गए हैं, जबकि छह मकानों की दीवारें चिह्नित कर मालिकों को नोटिस थमा दिए गए हैं। प्रशासन जल्द अगला कदम उठाने की बात कह रहा है। इस बीच गांव के स्कूलों में बच्चों की गैरहाजिरी ने भी ध्यान खींचा है। सरकारी और निजी स्कूलों में सन्नाटा सा पसरा हुआ है, ना के बराबर बच्चे स्कूल पहुंच रहे हैं। वैर उपखंड अधिकारी ऋतुराज शर्मा ने बताया कि मंगलवार को भौंडा गांव में कुछ अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। इसके साथ ही छह मकानों की दीवारों को चिह्नित किया गया है। संबंधित मकान मालिकों को नोटिस दिए जा चुके हैं और जल्द ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूरे घटनाक्रम के बीच भौंडा गांव के बच्चों की पढ़ाई पर भी असर नजर आ रहा है। मंगलवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भौंडा में विद्यार्थियों की उपस्थिति बेहद कम रही। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ऊषा ने बताया कि स्कूल में कुल 105 विद्यार्थियों का नामांकन है, लेकिन मंगलवार को केवल 12 विद्यार्थी ही उपस्थित हुए। इस तरह नामांकित विद्यार्थियों में से अधिकांश बच्चे स्कूल नहीं पहुंचे। वहीं, गांव में संचालित एक निजी विद्यालय के संचालक ने बताया कि उनके विद्यालय में करीब 50 विद्यार्थी पढ़ते हैं, लेकिन बुधवार को एक भी विद्यार्थी उपस्थित नहीं हुआ। मामले में पुलिस ने अनुसंधान के बाद भागमल, सोनीराम, शेर सिंह और कुंवर सिंह समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भरतपुर एसपी राजेश मीणा ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी जब्त किया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।