#नहीं_लापता_हुए_बोदन_सिंह!
भरतपुर। वार्ड नंबर 31 से कांग्रेस के सिंबल पर जीते जिला परिषद सदस्य बोदन सिंह ने एक वीडियो जारी कर अपनी गुमशुदगी की खबरों पर विराम लगा दिया है। वीडियो में उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे लापता नहीं हैं, पूरी तरह सुरक्षित हैं और कल मतदान करने के लिए भरतपुर आएंगे। इससे पहले बोदन सिंह के बेटे राजवीर सिंह ने सोमवार को सेवर थाने में पिता के लापता होने की एफआईआर दर्ज करवाई थी। राजवीर ने अपनी शिकायत में बताया था कि उनके पिता 16 नवंबर को सरपंच चुनाव में वोट डालने गए थे, जिसके बाद से घर नहीं लौटे। बेटे ने आशंका जताई थी कि कुछ लोग उन्हें उठाकर ले गए हैं, जिस पर सेवर थाना अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। दूसरी ओर, इस पूरे मामले में राजनीतिक खींचतान भी देखने को मिली। कांग्रेस नेताओं का दावा था कि बोदन सिंह पार्टी की बाड़ेबंदी में हैं। कांग्रेस का आरोप था कि भाजपा के कुछ नेता बोदन सिंह को लेने उनके घर गए थे, लेकिन वहां उनके न मिलने पर भाजपा नेताओं के कहने पर ही बेटे ने थाने में गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करवा दी। अब बोदन सिंह के वीडियो सामने आने के बाद इस सियासी ड्रामे की स्थिति साफ हो गई है।