*नई पीढी चाहे शहर में हो अथवा ग्राम में, एआई के दौर में संस्कार बचाना बडी चुनौती- केबिनेट मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री निर्मला भूरिया*
*बच्चों का भविष्य बनाने में अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण - एमएसएमई कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप*
*धार, 22 नवंबर 2026।* कैबिनेट मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री निर्मला भूरिया रही के मुख्य आतिथ्य एवं एमएसएमई कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने की अध्यक्षता में काश्यप विद्यापीठ, बदनावर का 28वाँ वार्षिकोत्सव संपन्न हुआ। इस वर्ष समारोह की थीम ’‘संस्कृति संगम’’ रही। इसमें विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं एवं विभिन्न त्योहारों की रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत से हुआ। मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत कर स्मृति-चिह्न भेंट किया गया।
इस अवसर पर स्वर्गीय माताजी तेजकुंवर बाई काश्यप के प्रेरणादायी जीवन, व्यक्तित्व एवं आदर्शों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया। प्राचार्य नंदा व्यास ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं वर्ष भर की गतिविधियों की जानकारी दी। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। लोकनृत्यों ने भारतीय संस्कृति की विविधता को जीवंत कर दिया। रक्षाबंधन, दीपावली एवं होली पर आधारित प्रस्तुतियों ने त्योहारों के उल्लास, प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
*एआई के दौर में शहर और ग्राम सर्वत्र संस्कार बचाना जरूरी- मुख्य अतिथि निर्मला भूरिया*
वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा नई पीढी चाहे शहर में हो अथवा ग्राम में, एआई के दौर में संस्कार बचाना बडी चुनौती है। इस दिशा में काश्यप विद्यापीठ सराहनीय प्रयास कर रहा है। साइबर अपराध बढ रहे है। ऐसी स्थिति में माता-पिता को अधिक जागरूकता दिखाना होगी, क्योंकि कई बार बच्चों के आगे वे असहाय हो जाते है। पहले संयुक्त परिवारों में बच्चों की चिंता नहीं रहती थी, लेकिन अब एकल परिवार में संस्कारों के संरक्षण के लिए समय रहते सबकुछ देखना, जानना और रोकना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि काश्यप परिवार शुरू से संस्कारों को बढाने वाला रहा है। प्रदेश में एमएसएमई कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप उद्योगों के विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रहे है । इससे बच्चों का भविष्य बेहतर होगा। उनके द्वारा अपने फाउंडेशन से अहिंसा ग्राम की स्थापना, खेल चेतना मेला, प्रतिभा सम्मान, कुपोषण मुक्ति के प्रयास भी अभिनंदनीय है।
*बच्चों का भविष्य बनाने में अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण- चेतन्य काश्यप*
वार्षिकोत्सव की अध्यक्षता कर रहे एमएसएमई कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि बच्चों का भविष्य बनाने में अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। हर अभिभावक प्रतिदिन एक मिनट बच्चों के बारे में सोचना आरंभ करे, क्योंकि बदलते परिवेश में साधनों की बढौतरी के चलते बच्चों को सही दिशा दिखाना जरूरी है। सोश्यल मीडिया के दौर में बच्चे को तनाव रहता है, जिसकी मुक्ति कैसे हो और उसमें सहनशीलता कैसे आए, इसका प्रयास अभिभावक को करना होगा। उन्होंने वार्षिकोत्सव को भारत की अनुपम संस्कृति का प्रतीक बताते हुए कहा कि काश्यप विद्यापीठ ने सदैव शिक्षा के साथ संस्कारों को महत्व दिया है। प्रधानमंत्री मोदीजी ने देश के युवाओं को सकारात्मक उर्जा देने का आव्हान किया है। प्रदेश में मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव के नैतृत्व में लगातार प्रयास हो रहे है। बदनावर के समीप पीएम मित्र पार्क की स्थापना से बच्चों का भविष्य उज्जवल होगा।
*सांस्कृतिक प्रतियोगिता के विजेता को मिले पुरस्कार*
वार्षिकोत्सव में विभिन्न आयु एवं कक्षा समूहों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
सर्वश्रेष्ठ नृत्य प्री प्राइमरी ग्रुप में नर्सरी से एलकेजी में प्रथम ‘गुड़िया चिड़िया चाँद चकोरी’ रहा। सर्वश्रेष्ठ कलाकार नर्सरी से एलकेजी में - प्रथम शिवांश यादव (नर्सरी) एवं द्वितीय काव्या चौहान, (एलकेजी) रही। सब जूनियर ग्रुप यूकेजी से कक्षा 2 में सर्वश्रेष्ठ नृत्य "गिव मी ए बेल टू रींग" और सर्वश्रेष्ठ कलाकार - प्रथम नित्यश्री दीपक वाडिले और द्वितीय पुष्पराज सिंह जाधव, सर्वश्रेष्ठ नृत्य सब जूनियर ग्रुप कक्षा 3 से 5 में - खुशियाँ बटोर लो’ रहा। सर्वश्रेष्ठ कलाकार प्रथम कायरा नाहर, एवं द्वितीय आर्या झा रही। सर्वश्रेष्ठ नृत्य जूनियर ग्रुप कक्षा 6 से 8 में प्रथम ‘धागों से बंधा रक्षाबंधन’ और सर्वश्रेष्ठ कलाकार प्रथम मेधावी गौड़ एवं द्वितीय सौम्या पाटीदार, रही। सर्वश्रेष्ठ नृत्य सीनियर ग्रुप कक्षा 9 से 12 प्रथम ‘आदिवासी भाया’ और द्वितीय ‘बोलो तारा रारा’ तृतीय ‘राजस्थानी सावन’ रहा। सर्वश्रेष्ठ कलाकार प्रथम सृष्टि सिंह, द्वितीय प्रतीक हारोड़ एवं तृतीय प्रशंस्वी पटेल रहे। नाटक में सर्वश्रेष्ठ कलाकार का पुरस्कार प्रथम गौरवी पोरवाल और द्वितीय आशी पाटीदार को मिला।
समारोह में सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Collector Office Dhar Indore Commissioner CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh
1 views | Dhar, Madhya Pradesh | Nov 22, 2026