*‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर आस-पड़ोस युवा संसद आयोजित*
*धार, 21 नवंबर 2026।* युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत), धार के तत्वावधान में नालछा विकासखंड के ग्राम बाछनपूर स्थित गायत्री इंटरनेशनल स्कूल में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर आस-पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में माय भारत, धार की जिला युवा अधिकारी सुश्री दीर्घा राजावत ने युवाओं को ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल, स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, सामुदायिक सेवा एवं विभिन्न युवा गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने साथियों और समाज को भी जागरूक करना चाहिए।
मुख्य वक्ता स्वास्थ्य विभाग के डॉ. कल्याण सिंह जादौन ने नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि नशे की आदत व्यक्ति की एकाग्रता, निर्णय क्षमता और स्वास्थ्य को प्रभावित करती है। तनाव एवं दबाव की स्थिति में नशे के बजाय सकारात्मक आदतों और स्वस्थ दिनचर्या को अपनाना चाहिए।
विद्यालय के डायरेक्टर श्री धीरज पटेल ने कहा कि नशे की प्रवृत्ति व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को प्रभावित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने और नशामुक्त वातावरण बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के श्री अनिरुद्ध चावड़ा ने युवाओं को खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल और रचनात्मक गतिविधियां युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं तथा उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में सहायक हैं।
कार्यक्रम के समापन पर श्री प्रवीण राव ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों को जीवन में कभी नशा नहीं करने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
*संदेश : नशे को ना, जिंदगी को हां — नशामुक्त युवा, विकसित भारत।*
CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Collector Office Dhar