भीलवाड़ा में गूंजा प्राकृतिक स्वास्थ्य का संदेश, अतुल शाह ने किया विशेष संवाद”
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल स्वास्थ्य के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने और प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धतियों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य जागरूकता अभियान भीलवाड़ा के तत्वावधान में वैदिक हॉल, कुमुद विहार, भीलवाड़ा में विशेष स्वास्थ्य संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ओजस लाइफ के फाउंडर अतुल शाह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अतुल शाह ने उपस्थित लोगों से स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत संवाद किया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धतियों के महत्व पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि आज की बदलती जीवनशैली में व्यक्ति के लिए अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना और स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है।
शाह ने बताया कि हमारे दैनिक जीवन में तीन प्रकार की रसोइयों का भोजन प्रयोग में आने लगा है। उसमें सर्वोत्तम भोजन ईश्वर द्वारा बनाई गई प्राकृतिक रसोई का बिना पका हुआ भोजन है। दूसरी प्रकार की हमारे पूर्वजों द्वारा बनाई गई भोजन की रसोई है जिसमें पका हुआ किंतु संतुलित आहार होता है, तीसरे प्रकार के भोजन जिसमें पिज़्ज़ा, बर्गर इत्यादि फास्ट फूड होता है जो शैतान की रसोई की श्रेणी में आते हैं। हम सभी को ईश्वर द्वारा बनाई गई रसोई का अधिकाधिक उपयोग करना चाहिए एवं पूर्वजों द्वारा बनाई गई मनुष्य की रसोई का ही उपयोग करें किन्तु शैतान की रसोई के भोजन को उपयोग नहीं करना चाहिए।
स्वास्थ्य को लेकर लोगों की जिज्ञासाओं पर हुआ संवाद
विशेष स्वास्थ्य संवाद के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न विषयों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं और प्रश्न रखे। अतुल शाह ने संवादात्मक तरीके से इन विषयों पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम में प्राकृतिक स्वास्थ्य के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर रहा।
स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के निहाल चंद छाबड़ा ने बताया कि अतुल शाह एवं ओजस लाइफ के माध्यम से देश-विदेश में बड़ी संख्या में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी लाभ पहुंचाने का कार्य पिछले 11 वर्षों से किया जा रहा है।
स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के प्रयासों की सराहना
कार्यक्रम के आयोजक तिलोक चंद छाबड़ा ने बताया कि स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विशेषज्ञों एवं अनुभवी वक्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
तिलोक चन्द छाबड़ा के अनुसार, ऐसे कार्यक्रमों से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ अपनी जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर मिलता है। इसमें स्वास्थ्य के प्रति रुचि रखने वाले नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में पर्यावरणविद् बाबूलाल जाजू, प्रसिद्ध कवि योगेंद्र शर्मा, समाजसेवी गोविंद सोडाणी, रविंद्र जाजू, श्याम चांडक, रामेश्वर काबरा आदि शहर के की गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।