खरीफ कृषि सीजन में किसानों को उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने, उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने तथा निर्धारित मूल्य पर उर्वरक की बिक्री सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी, बांका के निर्देश पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में उर्वरक प्रतिष्ठानों की जांच हेतु जांच दलों का गठन किया गया है। गठित दलों द्वारा संबंधित उर्वरक प्रतिष्ठानों का स्थल निरीक्षण कर उर्वरक की उपलब्धता, बिक्री व्यवस्था एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान उर्वरक विक्रेताओं के पास उर्वरक बिक्री की अनुज्ञप्ति, प्रतिष्ठान के नाम का प्रदर्शन, उपलब्ध उर्वरकों की मूल्य सूची, भंडार एवं बिक्री पंजी का संधारण सहित किसानों को उर्वरक बिक्री से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जांच की जा रही है। साथ ही, किसानों से कालाबाजारी अथवा नकली खाद की बिक्री से संबंधित शिकायतों के संबंध में भी जानकारी ली जा रही है।
जिले के विभिन्न प्रखंडों में उर्वरक प्रतिष्ठानों के औचक निरीक्षण के लिए जांच दलों को जिम्मेदारी दी गई है। जांच दलों को निरीक्षण के उपरांत निर्धारित प्रपत्र में प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उर्वरक की कालाबाजारी, निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Banka, Bihar | Sep 2, 2026