आज राज्य सरकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल “जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम से किया गया। यह कार्यक्रम गैर-संचारी रोग (NCD) की रोकथाम, समय पर पहचान एवं उपचार को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन के घर एवं समुदाय के निकट ही गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, प्रारंभिक पहचान, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर उनका उचित प्रबंधन किया जा सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रमुख रूप से उच्च रक्तचाप (BP), मधुमेह (Diabetes), ओरल कैंसर (मुख का कैंसर), स्तन कैंसर (Breast Cancer) एवं अन्य प्रमुख गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही स्क्रीनिंग में संदिग्ध पाए जाने वाले व्यक्तियों को चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जाँच एवं उपचार तथा जरूरत पड़ने पर उच्चतर स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बाँका जिले में कार्यक्रम का शुभारंभ
बाँका जिला में कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर जिला स्तर पर व्यापक व्यवस्था की गई। सदर अस्पताल, बाँका में जिला पदाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल एवं सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
माननीय मुख्यमंत्री द्वारा पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम से किए जा रहे राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम को टू-वे कम्युनिकेशन के माध्यम से बाँका जिले के सदर अस्पताल, बाँका, आरएच बौंसी, कटोरिया एवं अमरपुर से सीधे जोड़ा गया। इन स्वास्थ्य संस्थानों में टू-वे कम्युनिकेशन के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एवं उद्घाटन कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित की गई।
इसके अतिरिक्त जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) एवं अन्य संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में वेबकास्टिंग के माध्यम से पटना से हो रहे राज्य स्तरीय उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। स्वास्थ्य संस्थानों में टीवी/स्क्रीन के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे कार्यक्रम के शुभारंभ को स्वास्थ्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा देखा एवं सुना गया।
NCD की स्क्रीनिंग पर विशेष जोर
“जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान एवं उपचार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत लोगों की नियमित रूप से BP एवं ब्लड शुगर की जाँच, ओरल कैंसर एवं स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग तथा अन्य आवश्यक NCD संबंधी जाँच की जाएगी।
विशेष रूप से ऐसे व्यक्तियों की पहचान की जाएगी जिनमें गैर-संचारी रोगों के जोखिम कारक अथवा बीमारी के प्रारंभिक लक्षण पाए जाते हैं। स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध पाए गए मरीजों को आगे की जाँच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श के लिए आवश्यकतानुसार संबंधित स्वास्थ्य संस्थान में रेफर किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य गैर-संचारी रोगों को गंभीर अवस्था में पहुँचने से पहले पहचानना तथा लोगों को समय पर उपचार एवं उचित चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराना है। इससे समुदाय स्तर पर NCD की रोकथाम एवं नियंत्रण को मजबूती मिलेगी।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग, बाँका द्वारा कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक समन्वय एवं तैयारियाँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि “जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम का लाभ अधिक से अधिक आमजन तक पहुँचाया जा सके।
इस अवसर पर उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, बाँका डॉ. लक्ष्मण पंडित, प्रभारी जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार, प्रभारी जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. एस. एस. दास, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री ब्रजेश कुमार सिंह, जिला लेखा प्रबंधक श्री अमरेंद्र कुमार आर्य, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी श्री मुकेश कुमार, जिला सलाहकार गुणवत्ता यकीन डॉ. जावेद अली खान, जिला अनुश्रवण एवं मुल्यांकन पदाधिकारी (मानसिक स्वास्थ्य) श्री राजेश कुमार एवं सदर अस्पताल प्रबंधक श्री सुनील कुमार चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
Banka, Bihar | Sep 2, 2026