रन फॉर यूनिटी में शामिल हुए सैकड़ों बच्चे, लेकिन सरदार पटेल के बारे में पूछने पर अधिकांश का ज्ञान निकला शून्य!
पलवल। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को जिला प्रशासन की ओर से पलवल में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सरदार पटेल देश के प्रथम गृह मंत्री थे। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के चलते देश की सैकड़ों रियासतों का भारत में विलय संभव हो पाया था।
कार्यक्रम में सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, देश की आजादी के बाद रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
लेकिन कार्यक्रम के बाद जब लौट रहे विद्यार्थियों से सरदार वल्लभभाई पटेल के बारे में सवाल किए गए तो अधिकांश बच्चे उनके बारे में सामान्य जानकारी तक नहीं दे पाए। यह स्थिति निश्चित रूप से चिंता पैदा करने वाली है। जिस महापुरुष के सम्मान में इतने बड़े आयोजन में बच्चों को शामिल किया गया, यदि वे उनके जीवन और देश के लिए किए गए योगदान से ही अनजान हैं तो इस आयोजन का वास्तविक उद्देश्य कितना पूरा हुआ?
यह सवाल केवल बच्चों की जागरूकता पर ही नहीं, बल्कि शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी पर भी खड़ा होता है। क्या विद्यार्थियों को कार्यक्रम में शामिल करने से पहले सरदार पटेल के जीवन और योगदान की जानकारी देना जरूरी नहीं था? आखिर ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल दौड़ लगवाना और औपचारिक उपस्थिति दर्ज कराना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को देश के महापुरुषों के इतिहास, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित कराना भी होना चाहिए।
असल में कार्यक्रम के नाम पर केवल खाना पूर्ति दिखाई दी।दौड़ की बजाय पैदल चलकर गए बच्चे।
Palwal, Palwal | Nov 2, 2026