PDS विक्रेताओं के हक में तेजस्वी यादव ने उठाई आवाज, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लिखा पत्र
आठ सूत्री मांगों पर तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई की मांग, 30 हजार रुपये मासिक मानदेय सहित लंबित कमीशन भुगतान का मुद्दा उठाया
पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने जन वितरण प्रणाली (PDS) विक्रेताओं की आर्थिक एवं प्रशासनिक समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है। 4 सितंबर 2026 को लिखे पत्र में उन्होंने PDS विक्रेताओं की आठ सूत्री मांगों पर तत्काल, सकारात्मक एवं समयबद्ध निर्णय लेने का आग्रह किया है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि PDS विक्रेता कठिन परिस्थितियों में लाखों गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें महंगाई, कमीशन भुगतान में देरी, तकनीकी परेशानियों और प्रशासनिक दबाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
🔴 गुजरात की तर्ज पर 30 हजार रुपये मानदेय की मांग
पत्र में बिहार के PDS विक्रेताओं को गुजरात की तर्ज पर न्यूनतम 30 हजार रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय देने की मांग की गई है। तेजस्वी यादव के अनुसार इससे विक्रेताओं को आर्थिक राहत मिलेगी और वे अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।
🔴 लंबित कमीशन का तत्काल भुगतान
तेजस्वी यादव ने पिछले छह माह से लेकर एक वर्ष तक के कथित लंबित कमीशन का तत्काल भुगतान कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भुगतान में देरी से हजारों PDS विक्रेताओं और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो रहा है।
उन्होंने चुनाव से पहले कमीशन में 47 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की घोषणा का उल्लेख करते हुए बढ़ी हुई राशि लागू करने तथा यदि कोई बकाया हो तो उसका भी भुगतान कराने की मांग की है।
🔴 अनुकंपा नियुक्ति की समय-सीमा समाप्त करने की मांग
पत्र में झारखंड की तर्ज पर अनुकंपा नियुक्ति की निर्धारित समय-सीमा समाप्त करने तथा पात्र आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति का प्रावधान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई है।
🔴 BSFC गोदामों की व्यवस्था में पारदर्शिता पर जोर
तेजस्वी यादव ने बिहार राज्य खाद्य निगम (BSFC) के गोदामों में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितता एवं घटतौली की शिकायतों पर कार्रवाई करने और पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की है।
🔴 ई-पॉस और सर्वर की समस्या का हो रियल टाइम समाधान
PDS व्यवस्था में माप-तौल, घटतौली, ई-पॉस मशीन, सर्वर सहित अन्य तकनीकी समस्याओं का रियल टाइम समाधान सुनिश्चित करने की मांग की गई है, ताकि तकनीकी खामियों का खामियाजा विक्रेताओं और लाभुकों को न भुगतना पड़े।
🔴 प्रशासनिक दबाव पर रोक की मांग
तेजस्वी यादव ने अनावश्यक प्रशासनिक दबाव एवं दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग करते हुए जिला एवं प्रखंड स्तर पर प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया।
🔴 सरकार और डीलर प्रतिनिधियों के बीच नियमित बैठक का सुझाव
PDS विक्रेताओं की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने सरकार, विभागीय अधिकारियों एवं फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के बीच नियमित त्रिपक्षीय बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया है।
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि PDS विक्रेताओं की आठ सूत्री मांगों पर संवेदनशीलता एवं गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक और समयबद्ध निर्णय लिया जाए। अब देखना होगा कि सरकार की ओर से PDS विक्रेताओं की इन मांगों पर क्या कदम उठाया जाता है।
#BharatCrimeLiveNews #तेजस्वी_यादव #TejashwiYadav #सम्राट_चौधरी #SamratChoudhary #बिहार_सरकार #PDS #PDSविक्रेता #जनवितरणप्रणाली #PDSडीलर #डीलर्स_की_मांग #30हजार_मानदेय #कमीशन_भुगतान #RJD #राजद #बिहार_की_खबर #BiharNews #पटना #जनता_की_आवाज