⛔ राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी
मधेपुरा से इस वक्त एक सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आ रही है, जहां अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इनरवा गांव निवासी सुनील यादव के पुत्र प्रिंस रंजन के रूप में हुई है। मृतक प्रिंस रंजन राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई थे।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रिंस रंजन अपने घर से मधेपुरा विश्वविद्यालय आ रहे थे। इसी दौरान साहूगढ़ नहर से करीब 200 मीटर पश्चिम अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से युवक की मौत हो गई। हालांकि, घटना के पीछे की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही मधेपुरा सदर विधायक प्रो. चंद्रशेखर सदर अस्पताल पहुंचे। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई।पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अपराधियों की पहचान, हत्या के कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
📹 Murari Singh मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times