⛔ प्रिंस हत्याकांड का खुलासा, 3 अपराधी गिरफ्तार
मधेपुरा में राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई प्रिंस कुमार (29) हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, 32 ग्राम स्मैक, वारदात में प्रयुक्त पल्सर 220 बाइक, लूटा गया मोबाइल और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।
सोमवार को एसपी संदीप सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों ने छिनतई के दौरान गोली मारकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। एसपी ने बताया कि 16 अक्टूबर को दिन के करीब 11 बजे साहूगढ़-गोड़ियारी रोड पर राजा ईंट भट्ठा के पास प्रिंस की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इनरवा वार्ड-7 निवासी सुनील कुमार के पुत्र थे। घटना के बाद सदर एसडीपीओ अजय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में साहूगढ़ बाजार टोला वार्ड-9 निवासी क्रांति कुमार (22), शंकरपुर थाना क्षेत्र के कबियाही वार्ड-15 निवासी संजीत दास (32) और साहूगढ़ दुल्हाराम टोला निवासी गौरव कुमार (19) शामिल हैं। पूछताछ में क्रांति ने बताया कि घटना के दिन रुपये नहीं होने पर स्मैक खरीदने और पर्व-त्योहार के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से छिनतई की योजना बनाई थी। आरोपियों ने सड़क पर दो बाइक सवारों को रोककर मोबाइल, एटीएम कार्ड और चाबी छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान बैग लेकर आ रहे प्रिंस को कलेक्शन कर्मी समझकर रोकने की कोशिश की। उनके नहीं रुकने पर क्रांति ने गोली चला दी। गोली पेट के बगल में लगी और प्रिंस बाइक समेत खेत में गिर गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गोड़ियारी-सिहपुर रोड स्थित पुल के पास धान के खेत से मोबाइल बरामद किया। एसपी के अनुसार, गौरव ने वारदात में इस्तेमाल गोली उपलब्ध कराई थी। हथियार और स्मैक बरामदगी के मामले में अलग से एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों ने हाल की कई छिनतई की घटनाओं में संलिप्तता भी स्वीकार की है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
📹 Murari Singh मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times