पलवल पुलिस ने 15 हजार के इनामी बदमाश को अवैध हथियार सहित दबोचा
राजस्थान पुलिस का इनामी और गुरुग्राम का उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार, 16 संगीन मामले दर्ज
पलवल। एसपी पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एवीटी स्टाफ हथीन ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने राजस्थान पुलिस के 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश और गुरुग्राम के उद्घोषित अपराधी सरफुद्दीन उर्फ सरफू निवासी उटावड़ को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है।
एवीटी स्टाफ हथीन प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह के अनुसार, 18 अक्टूबर को मुख्य सिपाही इरफान की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी उटावड़-हथीन रोड बाईपास के पास मौजूद है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ।
आरोपी के खिलाफ थाना हथीन में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसके विरुद्ध हरियाणा और राजस्थान में चोरी, धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य संगीन अपराधों के 16 मामले दर्ज हैं। राजस्थान के टपूकड़ा थाने में दर्ज मामले में वह फरार चल रहा था, जिस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
Palwal, Palwal | Oct 19, 2026