002
प्रैस नोट-जिला पलवल
दिनांक 12 नवंबर 2026
*सीआईए होडल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांव मीसा में पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में एक और आरोपी पर कसा शिकंजा।*
*मामले में अब तक आधा दर्जन आरोपी किए जा चुके हैं गिरफ्तार।*
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं सख्त दिशा-निर्देशानुसार अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पलवल पुलिस द्वारा निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए होडल टीम ने गांव मीसा में पुलिस टीम पर हमला करने व सरकारी वाहन में तोड़फोड़ करने के मामले में वांछित एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
सीआईए होडल प्रभारी P SI अमित कुमार से प्राप्त जानकारी अनुसार दिनांक 27 जुलाई 2024 की रात को कंट्रोल रूम पलवल से गांव मीसा (थाना चांदहट क्षेत्र) में गोली चलने तथा दो पक्षों के बीच तनाव होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही तत्कालीन प्रभारी स्पेशल डिटेक्टिव स्टाफ पलवल उप-निरीक्षक हनीस खान अपनी पुलिस टीम के साथ सरकारी वाहन में सवार होकर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
जब पुलिस टीम गांव मीसा में रसूलपुर रोड पर पहुंची, तो वहां करीब 125-150 लोगों की भीड़ लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से लैस होकर रास्ता जाम किए खड़ी थी। पुलिस द्वारा परिचय देकर समझाने और रास्ता खुलवाने का प्रयास करने पर भीड़ उग्र हो गई और योजनाबद्ध तरीके से जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर पथराव व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में एक पुलिसकर्मी के सिर (कनपटी) पर ईंट लगने से गंभीर चोट आई तथा अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें लगीं। हमलावरों ने सरकारी गाड़ी के शीशे व लाइटें तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दीं, टायर की हवा निकाल दी और सरकारी असला छीनने का भी प्रयास किया। इस संबंध में थाना चांदहट में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
*सीआईए होडल की कार्रवाई:*
मामले की गहनता से जांच करते हुए सीआईए होडल में तैनात सहायक उप-निरीक्षक महानंद की टीम ने गुप्त सूचना व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिनांक 11 नवम्बर 2026 को आरोपी नरेश पुत्र मुरारी निवासी गांव मीसा, थाना चांदहट को गांव से ही काबू कर गिरफ्तार किया।
उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण में पुलिस द्वारा पूर्व में भी पांच आरोपियों (राहुल पुत्र जिले सिंह, राहुल पुत्र डालचंद, हरवीर पुत्र हुकमचंद, विष्णु पुत्र कल्लू मल तथा हरकेश उर्फ खुण्डे) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
आज दिनांक 12 नवम्बर 2026 को गिरफ्तार आरोपी नरेश को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।
Palwal, Palwal | Nov 12, 2026