*गणेश उत्सव को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक ने शहर में किया व्यापक निरीक्षण*
*गणेश प्रतिमा स्थापना स्थलों पर पहुंचकर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का लिया जायजा*
चित्तौड़गढ़, 20 सितंबर 2026। गणेश उत्सव के दौरान चित्तौड़गढ़ शहर में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह ने शनिवार शाम शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थापित गणेश जी की प्रतिमाओं एवं आयोजन स्थलों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक ने शहर के विभिन्न प्रमुख गणेश प्रतिमा स्थापना स्थलों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस जाप्ते से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि गणेश उत्सव के दौरान प्रतिमा स्थापना स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात रखा जाए तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आयोजन समितियों के साथ समन्वय रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरतने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान डीएसपी बृजेश सिंह, थानाधिकारी कोतवाली, थानाधिकारी सदर एवं थानाधिकारी महिला थाना , क्युआरटी सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं जाप्ता मौजूद रहा। जिला पुलिस द्वारा गणेश उत्सव के दौरान शहर में लगातार गश्त एवं निगरानी रखते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक पुलिस प्रबंध किए जा रहे हैं।