‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर मनाया विश्व पर्यावरण दिवस : जसवंत पंवार सैनी
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर फरीदाबाद महानगर भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता, पर्यावरण प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं मनोनीत पार्षद जसवंत पंवार सैनी ने पौधारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत अपनी मां के नाम पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पार्षद जसवंत सैनी ने अपने बड़े-बुजुर्गों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। साथ ही लोगों को जूट के थैले और पौधे भी वितरित किए गए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
पौधारोपण के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जसवंत सैनी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और भीषण गर्मी के इस दौर में पौधारोपण भविष्य की पीढ़ियों के लिए सबसे सुरक्षित निवेश है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान और "स्वच्छ एवं हरित फरीदाबाद-हरियाणा" के संकल्प को साकार करना है।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद महानगर पर्यावरण प्रकोष्ठ पूरे जिले में लगातार इस प्रकार के अभियान चलाता रहेगा ताकि प्राकृतिक संतुलन बना रहे और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा एवं बेहतर वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने संकल्प लिया कि वे न केवल पौधे लगाएंगे बल्कि उनके संरक्षण और पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी निभाएंगे ताकि वे भविष्य में बड़े वृक्ष बन सकें।
इस अवसर पर अमर रघुवंशी, हरीश, रामकुमार, संजय सैनी, पृथ्वी सिंह, कपिल, नारायण सैनी, सुनील पंवार, मुकुल, विशाल, हर्ष सैनी सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।