महिला सुरक्षा के लिए गुरुग्राम पुलिस प्रतिबद्ध
सोशल मीडिया पोस्ट पर स्वतः संज्ञान लेकर FIR दर्ज
FIR दर्ज करके तकनीकी सहायता से आरोपी की पहचान करके FIR के कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 28 अक्टूबर । गुरुग्राम पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान महिला द्वारा X सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर की गई पोस्ट पुलिस के संज्ञान में आई। जिसमें महिला/युवती द्वारा दर्शाया गया था कि एयरपोर्ट दिल्ली से बुक की गई राइड के गुरुग्राम में ड्रॉप के बाद ऊबर राइड के ड्राइवर के द्वारा उससे बिल से अधिक पैसे की मांग की गई। मना करने पर ऊबर चालक द्वारा महिला से अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस टीम द्वारा शिकायतकर्ता से संपर्क स्थापित करने के लिए X के माध्यम से संपर्क किया गया।
गुरुग्राम पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए पोस्ट के आधार पर थाना पालम विहार में FIR दर्ज कर तकनीकी सहायता के माध्यम से आरोपी चालक की पहचान एवं उसके संबंध में जानकारी एकत्रित की गईं। थाना पालम विहार और क्राइम ब्रांच सेक्टर 39 की पुलिस टीमों द्वारा सयुंक्त कार्यवाही करते हुए आरोपी चालक को तुरंत गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान यासिर पुत्र इलियास, उम्र 26 वर्ष, निवासी गांव घासेड़ा, जिला नूंह के रूप में हुई है। आरोपी द्वारा घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने उबर प्लेटफॉर्म पर अपनी आईडी जमील जाहिद खान के नाम से बनाई हुई थी। आरोपी से गहनता से और विस्तार से पूछताछ की जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस महिला सुरक्षा के लिए पूर्णतया प्रतिबद्ध है। महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले हर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी ।