जमुई में महागठबंधन का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पुतला दहन
जमुई। बिहार में कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर गुरुवार को जमुई मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर राजद एवं महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय राजद नेता ने की। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पुतले का दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
धरना कार्यक्रम में राजद के पूर्व प्रत्याशी मो. शमशाद आलम सहित राजद एवं महागठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और डबल इंजन की सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है। प्रदर्शन के दौरान “अब बहुत हुआ अत्याचार, इस्तीफा दो बिहार सरकार” और “विफल सरकार इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की।
Jamui, Jamui | Sep 24, 2026