*आलमपुर में विकास की नई सौगात: ₹10 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन, एक दर्जन कांग्रेसियों ने थामा भाजपा का दामन*
आलमपुर
नगर परिषद आलमपुर के सर्वांगीण विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए ₹10 करोड़ से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान लहार विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय भाजपा विधायक अम्बरीष शर्मा (गुड्डू) ने सीएमओ आलमपुर के साथ नगर के सभी वार्डों का सघन दौरा किया। उन्होंने स्वयं वार्डों में पहुँचकर सीसी रोड निर्माण सहित अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की और वार्ड वासियों की स्थानीय समस्याओं को आत्मीयता से सुना।
गोशाला विकास, पुल के नीचे घाट निर्माण और पार्क का हुआ लोकार्पण
इस भव्य आयोजन के दौरान नगर को कई बड़ी सौगातें मिलीं। विधायक अम्बरीष शर्मा गुड्डू ने क्षेत्र के विकास को गति देते हुए गोशाला से जुड़े विकास कार्यों और पुल के नीचे नए घाट निर्माण का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही नगरवासियों के मनोरंजन और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक आधुनिक पार्क का लोकार्पण भी किया गया। इन तमाम विकास कार्यों से नगर की तस्वीर बदलेगी।
33 साल के पिछड़ेपन की 5 साल में करेंगे भरपाई: विधायक
वार्डों के दौरे के पश्चात नगर के गीता भवन में एक विशाल आभार सभा का आयोजन किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक अम्बरीष शर्मा गुड्डू ने कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मंच से हुंकार भरते हुए कहा, (गोविंद सिंह का) 33 साल का विकास और पिछड़ापन हम मात्र 5 साल में भरपाई करके दे देंगे और लहार विधानसभा को गुंडा विहिन करके रहूंगा, यह जनता से मेरा पक्का वादा है।" विधायक के इस बयान पर उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
कांग्रेस को बड़ा झटका, एक दर्जन कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
आभार सभा के दौरान क्षेत्र में कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा, जब लहार विधायक की कार्यशैली और विकास नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस के एक दर्जन से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। विधायक ने सभी का फूल-माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर मंच पर दो दर्जन से अधिक पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता, पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष गरिमामयी उपस्थिति में मौजूद रहे।
गीता भवन में सुनी जनसमस्याएं, तत्काल निराकरण के निर्देश
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विधायक ने गीता भवन में ही एक विशाल जनसुनवाई की। उन्होंने नगर आलमपुर के समस्त नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी बिजली, पानी, सड़क और राशन से जुड़ी जनसमस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। जनता की दिक्कतों को देखते हुए विधायक ने मौके पर ही मौजूद सीएमओ और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से समस्याओं के निराकरण के सख्त निर्देश दिए।