शुद्ध मतदाता सूची एवं मतदान के महत्व पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित, 40 प्रतिभागियों ने लिया भाग
-----------------------------------------
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 10 प्रतिभागियों का किया जाएगा चयन
-----------------------------------------
विदिशा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने तथा शुद्ध मतदाता सूची के महत्व एवं मतदान के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 2 नवंबर से 17 नवंबर तक विधानसभा स्तर पर जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शुद्ध मतदाता सूची का महत्व एवं मतदान का महत्व विषय पर निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विधानसभा स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों के मध्य जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय कन्या अग्रणी महाविद्यालय, विदिशा में किया गया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 40 चयनित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी के माध्यम से मतदाता सूची की शुद्धता, लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की भूमिका तथा निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक मतदाता की सहभागिता के महत्व से संबंधित विषयों पर अपनी जानकारी एवं समझ का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के उपरांत चयन समिति द्वारा प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा। इसमंध से 10 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए नामित किया जाएगा।
आयोजित प्रतियोगिता का अनुविभागीय अधिकारी, विदिशा एवं शासकीय कन्या अग्रणी महाविद्यालय, विदिशा के प्राचार्य द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं एवं आयोजन की प्रक्रिया का अवलोकन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में निर्वाचन संबंधी जागरूकता विकसित करना, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने एवं त्रुटियों के सुधार के प्रति जागरूक करना तथा लोकतंत्र में जिम्मेदार मतदाता के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। Election Commission of India Chief Electoral Officer Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh