विश्व बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर जिला स्तरीय कार्यशाला तथा प्रशिक्षण संपन्न
सीईओ जिला पंचायत ने दिलाई बाल विवाह मुक्त समाज की शपथ
जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
___________________________________________
अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह, कम उम्र विवाह एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर आज रीवा जिले में जिला स्तरीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा करना तथा बाल विवाह मुक्त रीवा के निर्माण के लिए प्रशासन, विभागों, सामाजिक संस्थाओं एवं आमजन की सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रीवा सुश्री सृष्टि देशमुख उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में 10 वर्षीय बालिका एवं रीवा जिले की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड एम्बेसडर अनम आली ने सहभागिता की। उनकी उपस्थिति ने बाल अधिकारों, बालिका शिक्षा और बाल विवाह उन्मूलन के संदेश को विशेष महत्व प्रदान किया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से अभय मिश्रा, जिला श्रम अधिकारी गरिमा सूर्यवंशी, शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य विभा श्रीवास्तव, महिला थाना प्रभारी टीआई ऊषा सिंह तथा बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष मीनाक्षी मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006, बाल विवाह के दुष्परिणाम, बच्चों के कानूनी अधिकार, बाल संरक्षण तंत्र, बाल श्रम, बाल तस्करी एवं बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वतंत्रता को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या है। इसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सीईओ जिला पंचायत सुश्री सृष्टि देशमुख द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में आर.एन. रंग उत्सव समिति द्वारा बाल विवाह के विरूद्ध प्रहसन का रंगमंचन किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीईओ द्वारा बाल विवाह के विरूद्ध उत्कृष्ट कार्य किये जाने वाले अधिकारी, कर्म चारियों, एन.जी.ओ. को प्रसस्ति पत्र जारी कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीईओ द्वारा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को बाल विवाह रोकने, बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करेगा। कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में अहिंसा वेलफेयर सोसाइटी के सुमित सिंह तथा नीति आयोग के बाल अधिकार संरक्षक जय प्रकाश शुक्ला की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महिला एवं बाल विकास विभाग से स्वाति श्रीवास्तव, दिव्या एवं रोशन द्विवेदी तथा अहिंसा वेलफेयर सोसाइटी से चक्रपाणि मिश्रा एवं आरती पटेल ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh
#Rewa #रीवा