उप मुख्यमंत्री ने किया इंटेक वेल और जल शोधन संयंत्र का लोकार्पण
रीवा शहर को 2040 तक शुद्ध और पर्याप्त पानी की नहीं करनी होगी चिंता - उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल
_____________________________________
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कुठुलिया में अमृत 2.0 योजना से बनाए गए इंटेक वेल और जल शोधन संयंत्र का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की विशेष पहल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से अमृत-2 योजना से रीवा शहर को 162 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों की सौगात मिली है। इनसे नए इंटेक वेल जल शोधन संयंत्र तथा पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अब रीवा शहर को 2040 तक पर्याप्त और शुद्ध पानी के लिए चिंता नहीं करनी होगी। इंटेक वेल का निर्माण 2055 तक की आवश्यकताओं के अनुसार किया गया है। इस योजना से निर्माणाधीन 12 टंकियों में से 7 का लोकार्पण किया जा चुका है। शेष 5 टंकियों का शीघ्र ही लोकार्पण होगा। अब शहर के हर घर को पर्याप्त मीठा पानी मिलेगा। शहर में अब 96 एमएलडी शुद्ध पानी की आपूर्ति की क्षमता उपलब्ध हो गई है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा को हाल ही में रिवर फ्रंट सिटी श्रेणी में देश का प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। शहर को विकसित और सुंदर बनाने के लिए रिवर फ्रंट निर्माण, अच्छी सड़कें, घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था और पहड़िया में 150 करोड़ रुपए की लागत से बने प्लांट से कचरे से बिजली बनाकर सराहनीय प्रयास किए गए हैं। नगर निगम सीवेज लाइन का कार्य शीघ्र पूरा कराकर इससे खराब हुई सड़कों का रेस्टोरेशन कराए। साथ ही 12 एमएलडी के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण समय पर पूरा कराए।
समारोह में वर्चुअल माध्यम से शामिल नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जब मैं रीवा का विकास देखता हूँ तो केवल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल का चेहरा सामने आता है। उप मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से रीवा में विरासत को सहेजने के साथ विकास के चहुमुखी कार्य हुए हैं। रिवर फ्रंट सिटी में प्रथम पुरस्कार जीतकर रीवा ने पूरे देश में अपनी पहचान बनाई है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश के नगरीय निकायों के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपए से अधिक की राशि आवंटित की है जिससे शहरों का तेजी से विकास हो रहा है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने रीवा के विकास के लिए जो प्रयास किए हैं वह सबके लिए अनुकरणीय है।
समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल की सतत निगरानी और नगर निगम की टीम के प्रयासों से आज नगर की जनता को दो बड़े निर्माण कार्यों की सौगात मिल रही है। अब नगरवासियों को पानी की चिंता करने की जरूरत नहीं है। समारोह में नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय ने कहा कि अब शहर में 2040 तक की आबादी के लिए पानी की व्यवस्था हो गई है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के प्रयासों से रीवा नगर निगम में कई बड़े विकास के कार्य कराए गए हैं। हाल ही में रीवा को स्वच्छता अभियान में रिवर फ्रंट श्रेणी में प्रथम पुरस्कार भी मिला है। आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन ने कहा कि अमृत-2 योजना से 151 करोड़ रुपए की लागत से इंटेक वेल और जल शोधन संयंत्र का निर्माण किया गया है। इसकी क्षमता 37 एमएलडी है। साथ ही पानी के वितरण के लिए 462 किलोमीटर लम्बाई की पाइपलाइन शहर में बिछाई गई है। शीघ्र ही 5 बड़ी टंकियों का निर्माण कार्य पूरा कराकर पूरे शहर में मीठे पानी की पर्याप्त आपूर्ति की जाएगी। समारोह में पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। समारोह का समापन पार्षद श्री गंगा यादव द्वारा आभार प्रदर्शन से हुआ।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Rajendra Shukla Office Of Rajendra Shukla Kailash Vijayvargiya Jansampark Madhya Pradesh
#Rewa #रीवा