*जनपद बस्ती | 25 नवम्बर 2026*
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने सभी पोलिंग स्टेशनों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की तैनाती सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में राजनैतिक दलों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। बीएलए की सक्रिय भागीदारी से बूथ स्तर पर पात्र मतदाताओं की पहचान तथा मतदाता सूची को अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधियों से नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाने में अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने, बूथ स्तर पर समन्वय स्थापित करने तथा मतदाता पंजीकरण के कार्य में सक्रिय सहयोग देने की अपेक्षा की।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी / एडीएम सुनंदू सुधाकरन, एडीओ ओम प्रकाश, वरिष्ठ सहायक पीयूष, प्रधान सहायक अजय पाण्डेय, संबंधित अधिकारी तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Nov 25, 2026