विकसित भारत GRAMG अधिनियम, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दो दिवसीय पंच सम्मेलन का शुभारंभ
ग्रामीण विकास विभाग, बिहार के निर्देशानुसार विकसित भारत GRAMG अधिनियम, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पंचायत राज संस्थाओं को सशक्त एवं सक्षम बनाने के उद्देश्य से जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए), मुजफ्फरपुर के सभागार में आज दो दिवसीय पंच सम्मेलन का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त, मुजफ्फरपुर द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में ग्राम पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पंचायत प्रतिनिधि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की सबसे सशक्त कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत GRAMG अधिनियम, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में समावेशी विकास, सुशासन, जनभागीदारी तथा सतत आजीविका को नई गति मिलेगी।
उप विकास आयुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों से योजनाओं के पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन, सामाजिक सहभागिता तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने विकसित भारत GRAMG योजना के अंतर्गत स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने से संबंधित विभिन्न प्रावधानों एवं रणनीतियों पर भी विस्तार से जानकारी दी तथा इस दिशा में पंचायतों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।