सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित
मोरनी के गांव बैहलों में हुआ कार्यक्रम*
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की दी जानकारी
पोषण एवं संतुलित आहार के महत्व पर किया जागरूक
पंचकूला 1 अक्टूबर : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन 1 अक्टूबर 2026 को मोरनी के गांव बैहलों में किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक पंचकूला जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित किया जा रहा है।
गांव बैहलों में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती आरू वशिष्ठ, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लाभार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में पोषण एवं संतुलित आहार के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के लिए पौष्टिक आहार की आवश्यकता तथा उचित पोषण से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध करवाए जा रहे पोषण आहार के महत्व के बारे में भी लाभार्थियों को समझाया गया।
इस अवसर पर गोदभराई एवं अन्नप्राशन जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों के अभिभावकों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर भी उपस्थित लोगों को वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, अधिकारों एवं देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार का संदेश देते हुए शपथ भी दिलाई गई। साथ ही, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भी उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय कार्यों एवं योजनाओं के प्रचार-प्रसार में सराहनीय योगदान देने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। उपस्थित महिलाओं एवं लाभार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, लाभार्थी, गर्भवती महिलाएं एवं अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।