पंचकूला में रेड बिशप पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण, सभी नोजलों की डिलीवरी मानकों के अनुरूप
पेट्रोल-डीजल की सही मात्रा को लेकर उपभोक्ताओं को किया जागरूक
पंचकूला, 1 अक्टूबर : माप तौल विभाग की टीम ने उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-1 स्थित रेड बिशप पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभाग के इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने पेट्रोल पंप की कुल तीन मशीनों की 11 नोजलों की जांच की।
इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि जांच के दौरान छह डीजल, तीन पेट्रोल और दो XP-95 की नोजलों की डिलीवरी को परखा गया। सभी 11 नोजलों की डिलीवरी निर्धारित मात्रा के अनुसार सही पाई गई।
जांच के दौरान पेट्रोल पंप पर अपने वाहनों में ईंधन भरवाने पहुंचे उपभोक्ताओं को भी जागरूक किया गया। विभागीय अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को पेट्रोल और डीजल की सही मात्रा में डिलीवरी की प्रक्रिया भी दिखाई, ताकि वे स्वयं भी ईंधन की मात्रा को लेकर जागरूक रह सकें।
इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और उन्हें पेट्रोल-डीजल की उचित मात्रा में डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से समय-समय पर पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर लीगल मेट्रोलॉजी एक्ट, 2009 एवं हरियाणा विधिक माप (प्रवर्तन) नियम, 2011 के तहत विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान रेड बिशप पेट्रोल पंप के मैनेजर दीपक भी उपस्थित रहे।