रायपुररानी खंड के गांव गढ़ी कोटहा में सेवा सेतु शिविर में 152 लाभार्थियों का पंजीकरण
पात्र लाभार्थियों को घर-द्वार पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित हुआ शिविर
पंचकूला, 1 अक्तूबर: सेवा संकल्प अभियान के तहत आज रायपुररानी खंड के गांव गढ़ी कोटहा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र के प्रभारी श्री दीपक शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर ब्लॉक समिति के चेयरमैन सतबीर राणा, गांव की सरपंच श्रीमती संगीता रानी, सरपंच प्रतिनिधि श्री महिपाल, पार्षदगण, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री विशाल सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया अवलोकन
श्री दीपक शर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के तहत आमजन को दिए जा रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को उनके घर-द्वार पर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सभी खंडों, नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शिविरों में प्रत्येक विभाग द्वारा अपने-अपने स्टॉल स्थापित किए गए हैं, जहां अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही, योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास
उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।
152 लाभार्थियों का सफलतापूर्वक पंजीकरण
शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर में कुल 152 लाभार्थियों का सेवा सेतु पोर्टल पर सफलतापूर्वक पंजीकरण किया गया।